कांग्रेस और गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने मंगलवार को कहा कि भारत में एक 'कट्टर पापी परिवार' है। इनका काम किसानों की जमीन हड़पना और अपने दामाद रॉबर्ट वाड्रा को सौंपना है। 2008-13 तक राजस्थान में कांग्रेस सरकार के दौरान किसानों से 125 बीघा जमीन खरीदी गई और 2 लोगों हरिराम और नाथाराम को आवंटित की गई।
भाटिया ने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि ये दोनों व्यक्ति मौजूद नहीं हैं और फर्जी हैं। उक्त जमीन को बाद में स्काईलाइन हॉस्पिटैलिटी को बेच दिया गया जिसमें रॉबर्ट वाड्रा और उनकी मां भागीदार हैं।
भाटिया ने कहा कि हरियाणा में जब कांग्रेस की सरकार थी तब भी किसानों की जमीन हड़पी गई। राजस्थान में कांग्रेस सरकार के दौरान भी किसानों की जमीन हड़पी गई। जब भाजपा की सरकार राजस्थान में आई तब FIR दर्ज हुई। पुलिस और ईडी ने जांच की तब पता चला कि अशोक गहलोत सरकार ने 'कांग्रेस परिवार' के आदेश पर एक ऐसे व्यक्ति को जमीन दी, जो वास्तव में था ही नहीं।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारी गांधी परिवार ये सोचता है कि उन तक कानून नहीं पहुंचेगा। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईमानदारी और जांच एजेंसियों के जज्बे से कोई भ्रष्टाचारी बच नहीं सकता।
