देश

CM विजय का बड़ा ऐलान, 16 लाख कर्मचारियों और शिक्षकों का बढ़ा महंगाई भत्ता, पेंशनभोगियों को भी तोहफा

TN Govt DA Hike: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए महंगाई भत्ते (DA) को 58% से बढ़ाकर 60% करने की घोषणा की है। इससे 16 लाख लोगों को लाभ मिलेगा।

Image

कर्मचारियों का डीए बढ़कर हुआ 60%

Photo : PTI

TN Govt DA Hike: मिलनाडु की नवनिर्वाचित सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनभोगियों के लिए खुशखबरी दी है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गुरुवार को राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (Dearness Allowance - DA) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। इस फैसले के बाद अब राज्य में डीए 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गया है।

1 जनवरी 2026 से लागू होंगी नई दरें

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, महंगाई भत्ते में की गई यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। सरकार के इस कदम से न केवल सेवारत कर्मचारियों और शिक्षकों को फायदा होगा, बल्कि पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों को भी बढ़ी हुई राशि का लाभ मिलेगा।

सरकारी खजाने पर पड़ेगा 1,230 करोड़ का बोझ

तमिलनाडु सरकार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस बढ़ोतरी से राज्य के लगभग 16 लाख लाभार्थियों को सीधा लाभ पहुंचेगा। डीए में इस 2% की वृद्धि के कारण राज्य सरकार पर सालाना 1,230 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस उद्देश्य के लिए आवश्यक अतिरिक्त धन आवंटित कर दिया गया है।

महिलाओं की मासिक सहायता जारी रहेगी

महंगाई भत्ते के साथ-साथ मुख्यमंत्री विजय ने महिला लाभार्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। पिछली द्रमुक (DMK) सरकार द्वारा शुरू की गई ₹1,000 की मासिक सहायता राशि को बिना किसी रुकावट के जारी रखने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने वित्त सचिव और सचिवालय के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित किया कि 15 मई को सहायता राशि महिलाओं के खातों में क्रेडिट हो जाए। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विजय ने चुनाव के दौरान इस राशि को बढ़ाकर 2,500 रुपये करने का वादा किया है। सरकार के सूत्रों के अनुसार, जब तक नई सरकार इस राशि को बढ़ाने की प्रक्रिया पूरी नहीं कर लेती, तब तक वर्तमान 1,000 रुपये की सहायता निरंतर जारी रहेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article