Swatantra Bhardwaj : जंतर-मंतर पर 'पीएम मोदी की तेरहवीं का खाना' (सांकेतिक रूप से) पेश करने वाली निशु आजाद के पिता पर हमला करने की बात कबूल करने वाले स्वतंत्र भारद्वाज ने अपने सफाई दी है। टाइम्स नाउ नवभारत के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में स्वतंत्र ने कहा कि 'पॉडकास्ट में उसने जो बातें कहीं, वह कहीं न कहीं उसके अंदर का आक्रोश था और वह एक तरीके से व्यंग्य भी था।' खुद को हिंदूवादी एक्टिविस्ट बताने वाले स्वतंत्र ने कहा कि उसके वीडियो को पूरा नहीं दिखाया गया। वीडियो काटकर उसकी छवि धूमिल करने की कोशिश हुई है।
पॉडकास्ट में हमले की बात कबूली
दरअसल, स्वतंत्र का जो वीडियो सामने आया है उसमें उसने निशु के पिता का सिर फोड़ने की बात कबूल की है। इस वीडियो में वह कहता है कि उस पर हाफ मर्डर की धारा लगनी चाहिए थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार तक नहीं किया। स्वतंत्र ने वीडियो में यह दावा भी किया कि उसके सिर पर बड़े-बड़े नेताओं का हाथ है इसलिए कोई उसका कुछ नहीं कर सकता। इस वीडियो के वायरल होने के बाद अब दिल्ली में बवाल मच गया है।
मुझे और मेरे परिवार को मिली धमकी-स्वतंत्र
वीडियो सामने आने के बाद अपनी सफाई में स्वतंत्र ने कहा कि जब से यह मामला चल रहा है तब से उसे और उसके परिवार को धमकियां मिल रही हैं। यहां तक कि बोस्टन, अमेरिका से भी धमकाया गया। सोशल मीडिया में उसके परिवार की तस्वीरें पोस्ट कर जान से मारने की धमकी दी गई। इसकी शिकायत उसने दिल्ली और बिहार पुलिस से की। स्वतंत्र का दावा है कि उसने सरकार से मदद मांगी लेकिन उसे कोई मदद नहीं मिली।
सड़क पर उतरी सीजेपी, गिरफ्तारी की मांग
कबूलनामे वाला स्वतंत्र का वीडियो सामने आने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी सड़कों पर उतर आई है। सीजेपी ने भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शुक्रवार को संसद मार्ग थाने का घेराव किया और स्वतंत्र को गिरफ्तार किए जाने की मांग की। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी X पर कहा कि वह निशु के साथ हैं। राहुल ने कहा कि 'निशु, घबराने की जरूरत नहीं है। मैं तुम्हारे साथ हूं। साफ है कि तुम्हें इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि तुम अपने समुदाय और छात्रों के हक की आवाज उठाती हो।'
सीजेपी का संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन
पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर CJP नेता सौरव दास ने कहा, 'ये अपराधी दिल्ली में खुलेआम क्यों घूम रहे हैं? आज अपराधी खुलेआम दावा कर रहे हैं कि उन्होंने CJP के विरोध-प्रदर्शन के दौरान लोगों पर हमला किया था। वे लड़कियों को भी धमका रहे हैं। दिल्ली पुलिस को इस पर जवाब देना चाहिए। हम चुप नहीं बैठेंगे। हम दबाव बनाना जारी रखेंगे। आज पुलिस के रवैये को देखते हुए हम तय करेंगे कि आगे क्या करना है।'
