Suryastra Rocket Test: भारतीय रक्षा बलों के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में निजी क्षेत्र की कंपनी NIBE लिमिटेड (Nibe Limited) ने ओडिशा के चांदीपुर स्थित आईटीआर में 150 किमी और 300 किमी रेंज के सूर्यास्त्र रॉकेटों का सफल परीक्षण किया है। परीक्षण के दौरान रॉकेटों ने 1.5 मीटर और 2 मीटर सीईपी(CEP) हासिल की। यह प्रदर्शन भारतीय सेना द्वारा NIBE लिमिटेड को दिए गए खरीद ऑर्डर का हिस्सा है।
भारत के निजी रक्षा क्षेत्र के लिए अहम उपलब्धि
कंपनी ने बताया कि परीक्षणों के दौरान रॉकेटों ने क्रमशः 1.5 मीटर और 2 मीटर की वृत्ताकार त्रुटि संभाव्यता (CEP) सटीकता हासिल की। यह परीक्षण भारतीय सेना द्वारा दिए गए खरीद ऑर्डर के तहत किया गया था, जो भारत के निजी रक्षा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
आत्मनिर्भरता के प्रयासों को ताकत
ये सफल परीक्षण ऐसे समय में हुए हैं जब भारत सरकार के रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के प्रयासों के तहत आयात पर निर्भरता कम करने और घरेलू रक्षा विनिर्माण को मजबूत करने पर अधिक ध्यान केंद्रित कर रहा है। इस घटनाक्रम के बाद मंगलवार को निबे के शेयरों में तेजी से उछाल आया। भारतीय समयानुसार सुबह 11:51 बजे शेयर 39.90 रुपये या 3.60 प्रतिशत बढ़कर 1,148.60 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
क्या बनाती है निबे कंपनी?
निबे कंपनी पिनाका लॉन्चर सिस्टम, K9 वज्र टैंक का ढांचा और बुर्ज, ब्रह्मोस मिसाइल कनस्तर, यूनिवर्सल वर्टिकल लॉन्च मैकेनिज्म (UVLM), रोड मोबाइल लॉन्चर, क्लोज-इन वेपन्स सिस्टम (CIWS) और माइन प्लॉ सिस्टम सहित कई रक्षा प्रणालियों और महत्वपूर्ण सैन्य घटकों का निर्माण करती है। कंपनी सशस्त्र बलों द्वारा उपयोग किए जाने वाले एमआरएसएएम और उन्नत ब्रिजिंग और लॉन्चर प्लेटफॉर्म जैसी मिसाइल प्रणालियों के लिए भी घटकों के निर्माण में शामिल है।
यह सेना को दुश्मन की सीमा के काफी अंदर मौजूद अहम ठिकानों, लॉजिस्टिक्स हब, कमांड सेंटर, रडार इंस्टॉलेशन और सैनिकों के जमावड़ों पर सटीक और गहरी मार करने की क्षमता प्रदान करेगी।
