देश

अमेरिकी VPN के सहारे Telegram पर चला रहा था 'Paper Mafia'चैनल, NEET री एग्जाम का फर्जी पेपर बेचते छात्र गिरफ्तार

Fake NEET Paper: राजस्थान में री-नीट परीक्षा का फर्जी पेपर बेचने को लेकर एक छात्र की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने इस मामले में बड़ा खुलासा करते हुए दावा किया है कि आरोपी छात्र टेलीग्राम के जरिए री-नीट परीक्षा का कथित फर्जी पेपर अभ्यर्थियों को बेच रहा था।

Image

नीट पेपर लीक। AI IMAGE

Fake NEET Paper: राजस्थान के भीलवाड़ा में री-नीट परीक्षा का फर्जी पेपर बेचने के आरोप में गिरफ्तार छात्र आकाश चौधरी को लेकर जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी टेलीग्राम पर ‘पेपर माफिया’ नाम से चैनल संचालित कर री-नीट परीक्षा का कथित फर्जी पेपर अभ्यर्थियों को बेच रहा था। इसके लिए वह अमेरिका के वीपीएन और प्रॉक्सी नेटवर्क का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपाने का प्रयास कर रहा था।

हर पेपर के बदले चार-चार हजार रुपये वसूलता था आरोपी

प्रताप नगर थाना पुलिस ने एस-मेक पोर्टल और डीएसटी से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। जांच के दौरान उसके कब्जे से मोबाइल फोन, नीट की एक पुस्तक तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी नीट की किताब के पन्नों को स्कैन कर उन्हें वास्तविक प्रश्नपत्र बताकर अभ्यर्थियों को भेजता था और प्रत्येक पेपर के बदले चार-चार हजार रुपये वसूलता था।

इस बारे में थानाधिकारी सुनील ताड़ा ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी ने टेलीग्राम पर ‘पेपर माफिया’ नाम से चैनल बना रखा था। वह वीपीएन और प्रॉक्सी नेटवर्क के जरिए इसे संचालित कर रहा था। उसके मोबाइल और बैंक खातों की जांच की जा रही है।”

इस बात का लगाया जा रहा पता

पुलिस के अनुसार आरोपी जयपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और उसके टेलीग्राम चैनल पर 52 सदस्य जुड़े हुए थे। भुगतान क्यूआर कोड के माध्यम से उसके बैंक खाते में कराया जाता था। अब यह पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितने लोगों से रकम ली गई, कितने लोगों को फर्जी पेपर भेजे गए और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी पेपर बेचने, आईटी एक्ट और सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। उसके मोबाइल, बैंक लेन-देन और टेलीग्राम संपर्कों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान हो सकती है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article