देश

दिल्ली-NCR में तेज भूकंप के बीच वो रहस्यमयी आवाज क्या थी? हैरान-परेशान दिखे लोग

जैसे ही भूकंप के झटके महसूस हुए लोग घरों से बाहर आ गए। ऊंची बिल्डिंग में रहने वाले लोगों को अधिक तेज झटके महसूस हुए और लोग तुरंत ही बाहर निकल भागे।

Image

दिल्ली में भूकंप के झटके

Photo : PTI

Strong Earthquake jolts Delhi-NCR: दिल्ली-एनसीआर में आए तेज भूकंप के झटके ने आज लोगों को दहशत में डाल दिया। सुबह 5.36 बजे आए झटके के बाद लोग घरों से बाहर निकल आए। इस बार भूकंप के झटके के साथ एक अजीब तरह की आवाज भी आई जिसने लोगों को चौंका दिया। ऐसा लगा जैसे कि धरती के नीचे से कोई ट्रेन गुजरी हो। इससे पहले भी भूकंप के झटके आए हैं लेकिन कभी इस तरह की आवाज महसूस नहीं हुई। इसी को लेकर लोगों में चर्चा है।

जैसे ही भूकंप के झटके महसूस हुए लोग घरों से बाहर आ गए। ऊंची बिल्डिंग में रहने वाले लोगों को अधिक तेज झटके महसूस हुए और लोग तुरंत ही बाहर निकल भागे। झटके काफी तेज थे इसलिए लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि इससे किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक विक्रेता अनीश ने कहा कि सब कुछ हिल रहा था...ग्राहक चिल्लाने लगे थे।

जैसे जमीन के नीचे चल रही हो ट्रेन

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे एक यात्री ने कहा, हमें ऐसा लगा जैसे कोई ट्रेन जमीन के नीचे चल रही हो...सब कुछ हिल रहा था। एक और यात्री ने कहा, यह कम समय के लिए था, लेकिन तीव्रता बहुत अधिक थी। ऐसा लगा जैसे कोई ट्रेन बहुत तेज गति से आई हो। वहीं, गाजियाबाद के एक निवासी ने कहा, भूकंप बहुत तेज थे। मैंने पहले कभी ऐसा महसूस नहीं किया। पूरी इमारत हिल रही थी।

भूकंप के कारण आए तेज झटकों के कारण दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद की कई ऊंची इमारतों में रहने वाले लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। नोएडा सेक्टर 20 के ई ब्लॉक में सुबह की सैर पर निकली 50 साल की एक महिला ने कहा, हम लोग बाहर पार्क में टहल रहे थे तो पता नहीं चला। लेकिन काफी तेज था। लोग बाहर आ गए। पीटीआई वीडियो के दृश्यों में दिल्ली-एनसीआर में लोग अपने घरों के बाहर इंतजार करते हुए दिखाई दे रहे हैं, उन्हें किसी भी झटके का डर सता रहा है।

पहली बार इतने तेज झटके महसूस हुए

पश्चिम दिल्ली के निवासी नरेश कुमार ने कहा कि यह पहली बार है जब उन्होंने इतने तेज झटके का अनुभव किया है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे रतनलाल शर्मा ने कहा कि वह प्लेटफॉर्म पर थे, तभी उन्हें अचानक झटका महसूस हुआ। उन्होंने कहा, ऐसा लगा जैसे ट्रेन अचानक रुक गई हो। गाजियाबाद में एक ऊंची इमारत के निवासी ने बताया कि भूकंप के झटके इतने तेज थे कि हर कोई घबराकर नीचे की ओर भागा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!