देश

सपा को लगा बड़ा झटका, विधायक दारा सिंह चौहान ने दिया इस्तीफा; राजभर ने पहले ही कर दिया था इशारा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jul 15, 2023, 05:01 PM IST

समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक दारा सिंह चौहान पिछली योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री थे लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने इस्तीफा दे दिया था और सपा में शामिल हो गए थे।

Image

दारा सिंह चौहान ने दिया सपा से इस्तीफा

Photo : PTI

Dara Singh Chauhan: अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की समाजवादी पार्टी को शनिवार को बड़ा झटका लगा है। सपा के कद्दावर नेता और घोसी से विधायक दारा सिंह चौहान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। खबर है कि वो बीजेपी में घरवापसी कर सकते हैं। कुछ दिनों पहले ही ओपी राजभर ने दावा किया था कि सपा के कई विधायक पार्टी छोड़ सकते है, अब उनके दावे में सच्चाई दिखने लगी है।

कभी योगी सरकार में थे मंत्री

समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक दारा सिंह चौहान पिछली योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री थे लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने इस्तीफा दे दिया था और सपा में शामिल हो गए थे। चौहान 2017 से 2022 तक आदित्यनाथ कैबिनेट में वन, पर्यावरण और पशुपालन के कैबिनेट मंत्री थे। उन्होंने 12 जनवरी, 2022 को कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया। अपने त्याग पत्र में, चौहान ने तब कहा था कि वह भाजपा सरकार द्वारा पिछड़ों को नजरअंदाज किये जाने से परेशान थे। तब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक ट्वीट कर चौहान को सामाजिक न्याय का सिपाही बताया था।

इस्तीफा स्वीकार

दारा सिंह चौहान पूर्वी यूपी में ओबीसी नेता के तौर पर कड़ी पकड़ रखते हैं। यूपी विधानसभा के सूत्रों ने चौहान के इस्तीफे की पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने अपने त्याग पत्र में इस कदम का कोई कारण नहीं बताया है। सूत्रों ने बताया कि स्पीकर सतीश महाना ने चौहान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

भाजपा में हो सकते हैं शामिल

कहा जा रहा है दारा सिंह चौहान बीजेपी में फिर से शामिल हो सकते हैं। मिली जानकारी के अनुसार दारा सिंह चौहान बहुत जल्द बीजेपी में शामिल होंगे, लेकिन अभी यह तय नहीं हुआ है कि वह किस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। कहा जा रहा है कि चौहान को घोसी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा मैदान में उतार सकती है, जहां से 2019 में सपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने जीत हासिल की थी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article