देश

शिवसेना विधायकों को लगता है कि शिंदे ही बने रहें सीएम, बोले मंत्री दीपक केसरकर

केसरकर ने संवाददाताओं से कहा कि शिवसेना विधायकों का मानना ​​है कि शिंदे को पद पर बने रहना चाहिए क्योंकि उनके नेतृत्व में महायुति ने बहुत अच्छा काम किया और चुनावों में शानदार प्रदर्शन किया।

Image

एकनाथ शिंदे

Photo : PTI

Who Will Be Maharashtra CM: महाराष्ट्र के मंत्री और शिवसेना नेता दीपक केसरकर ने कहा है कि उनकी पार्टी के विधायकों का मानना है कि एकनाथ शिंदे को राज्य का मुख्यमंत्री बने रहना चाहिए। केसरकर ने रविवार को मुंबई में सीएम शिंदे के आवास पर एकनाथ शिंदे से मुलाकात की। महायुति ने राज्य की 288 विधानसभा सीटों में से 230 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी, वहीं विपक्षी महा विकास अघाड़ी को सिर्फ 46 सीटें मिलीं। केसरकर ने संवाददाताओं से कहा कि शिवसेना विधायकों का मानना है कि शिंदे को पद पर बने रहना चाहिए क्योंकि उनके नेतृत्व में महायुति ने बहुत अच्छा काम किया और चुनावों में शानदार प्रदर्शन किया।

बीजेपी को 132 सीटें, शिवसेना को 57 सीटें मिलीं

हालांकि, उन्होंने कहा कि शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस और अजित पवार सीएम मुद्दे पर सर्वसम्मति से फैसला लेंगे। सावंतवाड़ी निर्वाचन क्षेत्र से एक और कार्यकाल जीतने वाले केसरकर ने कहा कि फैसला जो भी हो, यह महाराष्ट्र के हित में होगा। राज्य चुनाव में फड़णवीस के नेतृत्व में भाजपा द्वारा 288 में से सर्वाधिक 132 सीटें जीतने के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर अटकलें लगने लगी हैं। शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 57 सीटें मिली हैं।

फडणवीस का मुख्यमंत्री पद पर किसी भी विवाद से इनकार

वहीं, फड़णवीस ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद पर किसी भी विवाद से इनकार किया और कहा कि महायुति के नेता मिलकर इस मुद्दे पर फैसला करेंगे। राज्य भाजपा प्रमुख चन्द्रशेखर बावनकुले ने रविवार को फड़णवीस के सुर में सुर मिलाया। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के नेता और भाजपा नेतृत्व तय करेंगे कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।

रविवार रात शिंदे को शिवसेना विधायक दल का नेता चुना गया। एक उपनगरीय होटल में आयोजित बैठक में सभी 57 मनोनीत विधायकों द्वारा सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। तीन और प्रस्ताव भी पारित किए गए, जिनमें पार्टी को शानदार जीत दिलाने के लिए शिंदे की सराहना, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देना और महायुति गठबंधन में विश्वास जताने के लिए महाराष्ट्र की जनता को धन्यवाद देना शामिल है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article