मुंबई, 28 नवंबर: संसद में परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) को शरद पवार की एनसीपी सपोर्ट करने जा रही है, ये लगभग तय है, अब इस सपोर्ट को लेकर शरद पवार की पार्टी टूट के कगार पर खड़ी है। राजनीतिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस विधेयक का समर्थन करने के संभावित फैसले को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी- शरदचंद्र पवार (NCP-SP) के भीतर असंतोष उभर आया है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी के 8 लोकसभा सांसदों में से 6 सांसद इस बिल पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के समर्थन में वोट देने के पक्ष में नहीं हैं। ये 6 सांसद कांग्रेस के संपर्क में बता जा रहे हैं। कांग्रेस ने भी सांसदों से इस मुद्दे पर अपनी 'अंतरात्मा की आवाज' सुनने की अपील की है।
सियासी संदेश और चुनावी समीकरणों की चिंता
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, असहमत सांसदों का मानना है कि परिसीमन विधेयक का समर्थन करने से जनता के बीच पार्टी की विचारधारा को लेकर गलत राजनीतिक संदेश जाएगा। विशेष रूप से उन क्षेत्रों में जहां पार्टी ने BJP और उसके सहयोगी दलों के खिलाफ सीधा चुनाव लड़कर जीत हासिल की है, वहां इस कदम से मतदाताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।
4 ने सीधे बीजेपी उम्मीदवार को हराया था
सूत्रों के अनुसार, विधेयक का विरोध करने वाले 6 सांसदों में से 4 वे सांसद हैं जिन्होंने लोकसभा चुनाव में सीधे BJP के दिग्गज उम्मीदवारों को शिकस्त दी थी।
- नीलेश लंके (अहमदनगर / अहिल्यानगर): इन्होंने BJP उम्मीदवार सुजय विखे पाटील को हराया था।
- बजरंग सोनवणे (बीड): इन्होंने BJP की प्रमुख नेता पंकजा मुंडे के खिलाफ जीत दर्ज की थी।
- धैर्यशील मोहिते पाटील (माढा): इन्होंने BJP के रणजीतसिंह निंबालकर को पराजित किया था।
- अमर काले (वर्धा): इन्होंने BJP उम्मीदवार रामदास तडस को हराकर सीट जीती थी।
अल्पसंख्यक मतदाताओं का समीकरण
पार्टी सूत्रों का यह भी मानना है कि भिवंडी, बीड और अहमदनगर (अहिल्यानगर) जैसे संसदीय क्षेत्रों में अल्पसंख्यक मतदाताओं का मजबूत आधार है। उदाहरण के तौर पर, भिवंडी के सांसद सुरेश म्हात्रे की जीत में मुस्लिम मतदाताओं की बड़ी भूमिका रही है। ऐसे में इन क्षेत्रों के सांसदों को आशंका है कि BJP समर्थित विधेयक के साथ खड़े होने से उनके पारंपरिक और अल्पसंख्यक वोट बैंक पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
कांग्रेस की अपील और आगे की राह
इस पूरे घटनाक्रम के बीच, सूत्रों का दावा है कि कांग्रेस ने भी NCP (SP) के इन 6 सांसदों से परिसीमन विधेयक पर मतदान के दौरान अपनी 'अंतरात्मा की आवाज' सुनने को कहा है। अब सभी की निगाहें पार्टी नेतृत्व के अंतिम निर्णय और संसद में मतदान के दौरान इन सांसदों के रुख पर टिकी हुई हैं।
