शहर

मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर दर्दनाक हादसा, रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में 4 की मौत, कई घायल

मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर छजलैट थाना क्षेत्र के लदावली में शनिवार सुबह रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं।

Image

क्षतिग्रस्त बस को ले जाती क्रेन

Photo : Times Now Digital

मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में अफरा-तफरी मच गई। छजलैट थाना क्षेत्र स्थित लदावली के पास यात्रियों से भरी एक यूपी रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोडवेज बस का एक तरफ का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। एसपी देहात के अनुसार, इस भीषण हादसे में रोडवेज बस में सवार चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

शोर के बीच शुरू हुआ राहत और बचाव कार्य

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार सुबह लदावली के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली आमने-सामने टकरा गए। जोरदार धमाके जैसी आवाज के साथ बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े और राहत कार्य में जुट गए। हादसे की सूचना मिलते ही छजलैट थाना पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को तुरंत बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भिजवाया गया।

मृतकों के शव मोर्चरी भेजे गए, जांच जारी

पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया है। मृतकों की शिनाख्त कराने और उनके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया जारी है।

(मुरादाबाद से सागर रस्तोगी की रिपोर्ट)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article