देश

सावरकर जी ने माफी मांगकर महात्मा गांधी को धोखा दिया था- चिट्ठी दिखा राहुल गांधी ने किया दावा; शिकायत हुई दर्ज

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 18, 2022, 01:10 AM IST

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सावरकर की आलोचना के लिए राहुल गांधी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के लोग सावरकर का अपमान करने वालों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस दौरान उन्होंने उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा। वहीं सावरकर के पोते ने राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

Image

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी

Photo : Twitter

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने एक बार फिर से वी.डी सावरकर (V.D Savarkar) के माफीनामे को लेकर बीजेपी(BJP) और आरएसएस (RSS) पर हमला बोला है। उन्होंने महाराष्ट्र (Maharashtra) में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान माफीनामे की चिट्ठी को दिखाते हुए दावा कि सावरकर, अंग्रेजों के नौकर बने रहना चाहते हैं। वहीं राहुल के दावों को लेकर पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा- "उन्होंने अंग्रेजों को दया याचिकाएं लिखीं और पेंशन स्वीकार की और उन्होंने ऐसा डर के कारण किया। मैं बहुत स्पष्ट हूं कि उन्होंने अंग्रेजों की मदद की। मेरे पास एक दस्तावेज हैं जिसमें सावरकर का अंग्रेजों को लिखा पत्र शामिल है। जिसमें उन्होंने कहा है कि 'सर, मैं आपके सबसे आज्ञाकारी सेवक बने रहने की याचना करता हूं'।"

आगे राहुल गांधी ने कहा कि सावरकर ने माफीनामा लिखकर, महात्मा गांधी समेत तमाम उन नेताओं को धोखा दिया, जो अंग्रेजों के खिलाफ लड़ रहे थे। कांग्रेस नेता ने कहा- "सावरकर ने इस पत्र पर हस्ताक्षर किए, जबकि महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल वर्षों से जेल में थे... कोई पत्र नहीं लिखा। मेरा मानना है कि सावरकरजी ने डर के कारण इस पत्र पर हस्ताक्षर किए थे।"

राहुल गांधी ने कहा कि देश में दो ही विचारधारा है। एक जो महात्मा गांधी की विचारधारा है दूसरी ओर सावरकर से जुड़ी विचारधारा है। इस दौरान राहुल गांधी ने वर्तमान केंद्र की सरकार पर नफरत का बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया।

राहुल गांधी के इन दावों को लेकर महाराष्ट्र में राजनीति गरमा गई है। सीएम एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी पर इसके लिए निशाना साधा है। वहीं उद्धव ठाकरे गुट ने राहुल के इस बयान से असहमति दर्ज करते हुए सावरकर को भारत रत्न देने की मांग की है। सावरकर को लेकर पहले भी राहुल ऐसे दावे कर चुके हैं।

साथ ही राहुल गांधी के इस बयान को लेकर पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। वीर सावरकर के पोते रंजीत सावरकर ने ये शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने कहा- "मैं यहां महाराष्ट्र में एक जनसभा में वीर सावरकर का अपमान करने के लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने आया हूं।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article