देश

संजय राउत ने संयुक्त राष्ट्र को लिखा पत्र, 20 जून को 'विश्व गद्दार दिवस' घोषित करने की अपील

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jun 20, 2023, 03:20 PM IST

राउत ने पत्र में कहा, ऐसा बताया जाता है कि उनमें से हरेक ने 50-50 करोड़ रुपए लिए। इस आरोप को विधायकों ने खारिज कर दिया।

Image

Sanjay Raut

Photo : PTI

Sanjay Raut: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने संयुक्त राष्ट्र को पत्र लिखकर अजब मांग कर डाली है। राउत ने यूएन से अनुरोध किया है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित शिवसेना के 40 विधायकों द्वारा पिछले साल 20 जून को पार्टी के प्रमुख उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ने के कारण इस तारीख को ‘विश्व गद्दार दिवस’ घोषित किया जाए। राउत ने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस को लिखे पत्र में कहा कि पिछले साल 20 जून को शिवसेना के 40 विधायकों का एक समूह भारतीय जनता पार्टी द्वारा उकसाए जाने के बाद अपने दल से अलग हो गया था। राउत ने पत्र में कहा, ऐसा बताया जाता है कि उनमें से हरेक ने 50-50 करोड़ रुपए लिए। इस आरोप को विधायकों ने खारिज कर दिया।

एकनाथ शिंदे का जिक्र

सोमवार को लिखे गए इस पत्र को राउत ने मंगलवार को ट्वीट किया। राउत ने कहा, हमें धोखा देने वाले 40 विधायकों का नेतृत्व एक प्रमुख विधायक एकनाथ शिंदे (जो अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री हैं) ने किया। उनके साथ उन 10 निर्दलीय विधायकों ने भी हमारा साथ छोड़ दिया, जो हमारी महा विकास आघाडी सरकार का समर्थन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया 20 जून को शुरू हुई थी, जब शिंदे और अन्य विधायक मुंबई से पड़ोसी राज्य गुजरात गए थे।

राउत ने कहा, उन्होंने उस समय बीमारी से जूझ रहे उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ दिया था। ठाकरे के 12 नवंबर 2021 और 19 नवंबर 2021 को दो बड़े ऑपरेशन हुए थे। उन्होंने कहा कि इनमें से हरेक ने ठाकरे की बीमारी का लाभ उठाया। राउत ने कहा, मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि जिस तरह 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाता है, उसी तरह 20 जून को विश्व गद्दार दिवस मनाया जाए। ऐसा इसलिए किया जाना चाहिए, ताकि दुनिया गद्दारों को याद रखे।

पिछले साल जून में हुआ था शिवसेना में विद्रोह

शिंदे और 39 अन्य शिवसेना विधायकों के महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री ठाकरे के खिलाफ विद्रोह करने के बाद पिछले साल जून में शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस की महा विकास आघाड़ी सरकार गिर गई थी। इसके बाद शिंदे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोग से मुख्यमंत्री बने और भारत निर्वाचन आयोग ने उनके धड़े को मूल पार्टी का नाम और ‘धनुष-बाण’ चुनाव चिह्न आवंटित किया, जबकि ठाकरे के धड़े को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नाम दिया गया। इस बीच, शिवसेना (यूबीटी) के पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार को ‘विश्व गद्दार दिवस’ के रूप में मनाया। (Bhasha Input)
अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article