देश

BRICS Summit के लिए भारत पहुंचे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, पीएम मोदी संग व्यापार से ऊर्जा सुरक्षा तक कई मुद्दों पर होगी चर्चा

BRICS Summit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत पहुंच चुके हैं, जहां उनका स्वागत विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने किया। पुतिन के दौरे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक और ब्रिक्स बिजनेस फोरम को संबोधन प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, सीमा पार भुगतान और वैश्विक भू-राजनीतिक चुनौतियों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

Image

ब्रिक्स सम्मेलन से पहले दिल्ली में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भव्य स्वागत (फोटो- MEA)

BRICS Summit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंचे हैं। भारत इस साल ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है और 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। पुतिन के भारत पहुंचने पर विदेश मंत्रालय ने भारत और रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे बहुआयामी संबंधों को रेखांकित किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर बताया कि रूस के राष्ट्रपति का दिल्ली एयरपोर्ट पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत और रूस के रिश्ते 'विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी' पर आधारित हैं। जायसवाल ने पोस्ट में कहा कि भारत रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए गर्मजोशी से स्वागत करता है। उन्होंने भारत-रूस संबंधों को बहुआयामी और लंबे समय से चले आ रहे संबंध बताते हुए दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को रेखांकित किया। गौरतलब है कि, इससे पहले रूस के पहले डिप्टी पीएम डेनिस मंटुरोव भी भारत पहुंचे थे।

पीएम मोदी के साथ होनी है अहम द्विपक्षीय बैठक

पुतिन के भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी अहम द्विपक्षीय बैठक होने वाली है। इसके अलावा रूसी राष्ट्रपति ब्रिक्स बिजनेस फोरम के पूर्ण सत्र को भी संबोधित करेंगे। दोनों नेताओं के बीच बातचीत में व्यापार और आर्थिक सहयोग, रणनीतिक आपूर्ति श्रृंखला, सीमा पार भुगतान व्यवस्था और ऊर्जा सुरक्षा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठ सकते हैं। इसके साथ ही पूर्वी यूरोप और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। रूस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पुतिन भारत की कार्यकारी यात्रा पर आए हैं। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब ब्रिक्स समूह अपनी स्थापना के 20 साल पूरे कर रहा है। भारत की अध्यक्षता में मुख्य ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होगा।

ब्रिक्स बिजनेस फोरम के पूर्ण सत्र को संबोधित करेंगे पुतिन

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आज 11 सितंबर को पुतिन वार्षिक ब्रिक्स बिजनेस फोरम के पूर्ण सत्र को संबोधित करेंगे। यह मंच ब्रिक्स देशों के नेताओं के शिखर सम्मेलन से पहले आयोजित होता है और इसमें सदस्य देशों के कारोबारी प्रतिनिधि शामिल होते हैं। इसी दिन पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। दोनों नेता भारत और रूस के उद्योग एवं व्यापार मंत्रालयों द्वारा आयोजित INNOPROM प्रदर्शनी का भी दौरा करेंगे। पुतिन की यात्रा से भारत और रूस के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई गति मिलने की उम्मीद है। दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग इस दौरे के प्रमुख एजेंडे में शामिल हो सकता है। भारत ने अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान व्यापार, डिजिटल तकनीक, वित्त, ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक शासन व्यवस्था में सुधार के क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया है।

नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन में वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को अधिक मजबूत बनाने, सीमा पार भुगतान व्यवस्था को बेहतर करने, राष्ट्रीय मुद्राओं के इस्तेमाल को बढ़ावा देने, एमएसएमई क्षेत्र के विकास, डिजिटल व्यापार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चुनौतियां, विकास वित्त, न्यू डेवलपमेंट बैंक के विस्तार तथा बहुपक्षीय वित्तीय और राजनीतिक संस्थानों में सुधार भी सम्मेलन के प्रमुख विषयों में शामिल हो सकते हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article