Kiren Rijiju reply to Rahul Gandhi: लोकसभा में बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने यूएस-भारत ट्रेड डील पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाए। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने पीएम मोदी पर देश को अमेरिका के हाथों बेचने का आरोप लगाया। राहुल ने कहा कि यह डील अमेरिका के आगे भारत का सरेंडर है। कोई भी प्रधानमंत्री इस तरह की डील नहीं कर सकता। राहुल ने कहा कि पीएम ने किसानों की बर्बादी के रास्ते खोल दिए हैं।
कोई पैदा नहीं हुआ जो देश बेच दे-रिजिजू
राहुल के इन गंभीर आरोपों पर एनडीए सदस्यों ने भारी विरोध जताया। हंगामा इतना बढ़ गया कि लोकसभा की कार्यवाही की अध्यक्षता कर रहे स्पीकर जगदंबिका पाल को राहुल गांधी को टोकना पड़ा। तो वहीं, सरकार की तरफ से राहुल के आरोपों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने कहा कि 'आज तक कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ है जो देश को बेच दे। मोदी अब तक देश के सबसे मजबूत प्रधानमंत्री हैं।' रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी बिना तथ्यों के बोल रहे हैं और उन्हें अपनी बात साबित करनी होगी।
ट्रंप ने टैरिफ 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत किया-राहुल
लोकसभा में अपने संबोधन में राहुल ने कहा कि 'हमें किसानों के साथ खड़ा होना है। कांग्रेस नेता ने पूछा कि हमारे फैसले अमेरिका कैसे ले रहा है? पीएम की आंखों में डर दिख रहा है। इनकी गर्दन फंसी है, इसलिए देश बेच रहे है। अमेरिका में आयात बढ़ा, हमें क्या मिला? राहुल ने कहा कि इस ट्रेड डील से अमेरिका को फायदा होगा। ट्रंप ने टैरिफ 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत किया। अमेरिका के लिए टैरिफ 16 प्रतिशत से घटाकर 0 क्यों?'
आर्थिक सर्वेक्षण की दो बातें मुझे पसंद आईं-राहुल
राहुल गांधी ने कहा, 'मैं आर्थिक सर्वेक्षण देख रहा था और उसमें मुझे दो बातें मिलीं, ठोस बातें, गहरी बातें जो मुझे पसंद आईं। पहली बात यह है कि हम बढ़ते हुए भू-राजनीतिक संघर्षों की दुनिया में रह रहे हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका का प्रभुत्व चीन, रूस और अन्य ताकतों द्वारा चुनौती दी जा रही है। दूसरी बात यह है कि हम ऊर्जा और वित्तीय हथियारकरण की दुनिया में जी रहे हैं। मुख्य बात यह कही जा रही है कि हम स्थिरता की दुनिया से अस्थिरता की दुनिया की ओर बढ़ रहे हैं।'
