Winter Session: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि हम वायु प्रदूषण पर चर्चा के लिए तैयार थे, लेकिन कांग्रेस ने हंगामा किया। रिजिजू ने ग्रैंड ओल्ट पार्टी पर व्यवधान पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अन्य दलों को उकसाकर और भड़काकर, सदन के वेल में घुसकर अराजकता और व्यवधान पैदा किया।
किरेन रिजिजू ने क्या कुछ कहा?
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, किरेन रिजिजू ने कहा, "हम प्रदूषण पर चर्चा करना चाहते थे। विपक्ष ने अनुरोध किया था, लेकिन कांग्रेस ने हंगामा किया... हम प्रदूषण पर पूरे दिन की चर्चा के लिए तैयार थे... कांग्रेस ने अन्य दलों को उकसाकर और भड़काकर, सदन के वेल में घुसकर अराजकता और व्यवधान पैदा किया।"
सूत्रों ने पहले बताया था कि शीतकालीन सत्र के दौरान प्रदूषण पर चर्चा नहीं हो सकी, क्योंकि बहस के लिए "कोई उचित माहौल" नहीं था। बता दें कि गुरुवार को लोकसभा के एजेंडे में वायु प्रदूषण पर चर्चा होनी थी, लेकिन जी राम जी विधेयक 2025 पारित होने के तुरंत बाद सदन स्थगित कर दिया गया। सनद रहे कि विकसित भारत- जी राम जी विधेयक शुक्रवार को संसद द्वारा पारित किया गया। लोकसभा में गुरुवार दोपहर पारित हुआ था और उसके बाद आधी रात तक राज्यसभा में जी राम जी विधेयक पर चर्चा हुई।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और रिजिजू ने विपक्षी सांसदों के व्यवहार की निंदा की, जिसमें कथिततौर पर कागजात फाड़ना भी शामिल था। संसद का शीतकालीन सत्र शुक्रवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।
