देश

Ram Mandir Dhwajarohan Ceremony: टाइमिंग से लेकर मेहमानों की लिस्ट तक..., ध्वजारोहण के लिए अयोध्या में कैसी चल रही तैयारी?

Ram Mandir Dhwajarohan Ceremony 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को राम मंदिर के शिखर पर विशेष रूप से निर्मित भगवा ध्वज फहराएंगे। यह ध्वज मंदिर निर्माण पूर्ण होने का प्रतीक माना जा रहा है और विवाह पंचमी के शुभ अभिजीत मुहूर्त में इसका ध्वजारोहण किया जाएगा।अहमदाबाद के एक पैराशूट विशेषज्ञ ने डिफेंस मिनिस्ट्री की गाइडलाइंस के अनुसार इस ध्वज को तैयार किया है। 22 फीट लंबा और 11 फीट चौड़ा यह ध्वज दो से तीन किलो वजन का है।

Image

अयोध्या के राम मंदिर में होगा ध्वजारोहण।(फोटो सोर्स: टाइम्स नाउ डिजिटल)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Ram Mandir Dhwajarohan Ceremony 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर भगवा धर्म ध्वजारोहण करेंगे। राम मंदिर के लिए, खास तौर पर तैयार किए गए इस 22 फीट लंबे और 11 फीट चौड़े ध्वज के माध्यम से मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होने का संदेश दिया जाएगा।

डिफेंस मिनिस्ट्री की गाइडलाइंस के मुताबिक, गुजरात में अहमदाबाद के एक पैराशूट स्पेशलिस्ट के बनाए गए इस ध्वज का वजन दो से तीन किलो के बीच है। यह ध्वज 161 फीट ऊंचे मंदिर के शिखर और 42 फीट ऊंचे झंडे के पोल के हिसाब से तैयार किया गया है।

विवाह पंचमी के अभिजीत मुहूर्त में होगा ध्वजारोहण

पीएम मोदी सुबह 11.52 बजे से दोपहर 12.35 बजे के बीच शुभ मुहूर्त में ध्वजारोहण करेंगे। यह कार्यक्रम विवाह पंचमी के अभिजीत मुहूर्त में होगा, जो भगवान राम और माता सीता के दिव्य मिलन का दिन माना जाता है। इस ध्वज पर चमकता सूरज, कोविदारा पेड़ और ‘ऊं’ का चिन्ह अंकित है, जो भगवान राम की वीरता और राम राज्य के आदर्शों को दर्शाता है। प्रधानमंत्री इसके बाद जनसभा को भी संबोधित करेंगे। जानकारी के मुताबिक, सात कारीगरों ने हाथ से सिलकर तैयार किया है।

मंदिर परिसर की दीवारों पर वाल्मीकि रामायण से जुड़े 87 प्रसंगों की पत्थर पर की गई नक्काशी और भारतीय संस्कृति के 79 प्रसंगों की कांस्य पट्टिकाएं भी दर्शनीय हैं। यह पूरा आयोजन अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक महत्व को नए सिरे से स्थापित करने वाला माना जा रहा है।

कहां-कहां जाएंगे पीएम मोदी?

प्रधानमंत्री का कार्यक्रम सुबह सप्तमंदिर दर्शन से शुरू होगा, जहां महर्षि वशिष्ठ, विश्वामित्र, अगस्त्य, वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज गुह और माता शबरी को समर्पित मंदिर स्थित हैं। इसके बाद वे शेषावतार मंदिर और माता अन्नपूर्णा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। प्रधानमंत्री राम दरबार और राम लला गर्भगृह में भी दर्शन करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी ने 22 जनवरी 2024 को राम मंदिर का उद्घाटन किया।

मुकेश अंबानी सहित इन लोगों को मिला न्योता

पीएम मोदी, मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मोरारी बापू, चिन्मयानंद, धीरेन्द्र शास्त्री, देवकीनन्दन ठाकुर, मुकेश अंबानी समेत उत्तर प्रदेश के अलग-अलग समाज के करीब साढ़े सात हजार मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। मोहन भागवत और योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंच चुके हैं। मोरारी बापू, चिन्मयानंद, धीरेन्द्र शास्त्री और देवकीनन्दन ठाकुर भी कल के मुख्य आयोजन में शामिल होंगे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमार author

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घट... और देखें

End of Article