देश

Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा की 12 सीटों पर चुनाव का ऐलान, यूपी की 10 सीटें शामिल

Rajya Sabha Election 2026: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की रिक्त राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव 16 अक्टूबर 2026 को होगा। उत्तर प्रदेश में 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होगा।

Image

राज्यसभा चुनाव 2026 का ऐलान (फाइल फोटो- PTI)

Rajya Sabha Election 2026: भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से राज्यसभा की खाली होने वाली सीटों के लिए होने वाले चुनाव तथा पश्चिम बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के मुताबिक उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की 1 राज्यसभा सीट के सदस्यों का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त हो रहा है। वहीं पश्चिम बंगाल में एक सीट इस्तीफे के कारण रिक्त हुई है।

29 सितंबर 2026 को चुनाव की अधिसूचना

आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक 29 सितंबर 2026 को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर होगी, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को की जाएगी। उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।

तीनों राज्यों में संबंधित सीटों के लिए 16 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। मतदान का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 19 अक्टूबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।

यूपी की 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव

उत्तर प्रदेश से जिन 10 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें अरुण सिंह, गीता उर्फ चंद्रप्रभा, नीरजा शेखर, बृजलाल, प्रो. राम गोपाल यादव, रामजी, बी.एल. वर्मा, सीमा, डॉ. दिनेश शर्मा और हरदीप सिंह पुरी शामिल हैं। इन सभी का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त होगा। दस्तावेज के मुताबिक डॉ. दिनेश शर्मा की सीट 11 सितंबर 2026 से रिक्त है।

उत्तराखंड की एक सीट पर भी चुनाव

उत्तराखंड से नरेश बंसल का कार्यकाल भी 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इस सीट के लिए भी 16 अक्टूबर को मतदान होगा।

पश्चिम बंगाल में एक सीट पर उपचुनाव

पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की एक सीट रुक्मिणी मलिक के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई है। उन्होंने 16 जुलाई 2026 को इस्तीफा दिया था। उनकी सीट का कार्यकाल 2 अप्रैल 2032 तक था। आयोग ने इस सीट पर भी 16 अक्टूबर को उपचुनाव कराने का फैसला किया है।

बैलेट पेपर को लेकर भी निर्देश

निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिया है कि इन चुनावों में मतपत्र पर वरीयता दर्ज करने के लिए केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराया गया निर्धारित बैंगनी रंग का स्केच पेन इस्तेमाल किया जाएगा। किसी अन्य पेन से वरीयता अंकित नहीं की जा सकेगी। चुनाव प्रक्रिया की करीबी निगरानी के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article