देश

'भारतीय सेना सीमा पार जाकर आतंकियों का इलाज करती है', लखनऊ में पाकिस्तान पर जमकर बरसे रक्षा मंत्री

लखनऊ में डॉक्टरों के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डॉक्टरी पेशे की तुलना सेना से करते हुए कहा कि दोनों के बीच कई समानताएं हैं। जिस तरह से डॉक्टर इलाज करते हैं उसी तरह भारतीय सेना भी सीमा पार के आतंकवादियों का इलाज करती है।

Image

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह।

Rajnath Singh : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को एक बार फिर पाकिस्तान को आईना दिखाते हुए उस पर बड़ा हमला बोला। लखनऊ में डॉक्टरों के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने डॉक्टरी पेशे की तुलना सेना से करते हुए कहा कि दोनों के बीच कई समानताएं हैं। जिस तरह से डॉक्टर इलाज करते हैं उसी तरह भारतीय सेना भी सीमा पार के आतंकवादियों का इलाज करती है। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय सेना ने अपनी पराक्रम से पाकिस्तानी सेना को घटुनों पर लाकर खड़ा कर दिया है।

हम आतंकियों का इलाज भी करते हैं-राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री ने कहा, 'हम रक्षा मंत्रालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम करते हैं। हम सीमा पार आतंकवादियों का इलाज भी करते हैं। भारत ने आतंकवाद के खिलाफ 'ऑपरेशन सिंदूर' की शुरुआत की और पाकिस्तान स्थित आतंकवादी ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाते हुए बड़ी संख्या में आतंकवादियों को ढेर किया। भारतीय सशस्त्र बलों ने कुशल डॉक्टरों और सर्जनों की तरह कार्य किया।'

सेना ने आतंकवाद की जड़ों पर प्रहार किया

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक कुशल सर्जन अपने औजारों का उपयोग कर बीमारी की जड़ पर वार करता है, उसी प्रकार भारतीय सशस्त्र बलों ने भी आतंकवाद की जड़ों पर अपने उपकरणों का सटीक उपयोग किया। लेकिन पाकिस्तान अपनी आदत से मजबूर है और सुधरने का नाम नहीं लेता। उसने भारत पर हमला करने और नागरिकों को निशाना बनाने के प्रयास शुरू कर दिए। मंदिरों, गुरुद्वारों और चर्चों को निशाना बनाया गया।'

'घुटनों पर आ गई है PAK सेना'

रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों की जवाबी कार्रवाई ने पाकिस्तान की सेना को घुटनों पर ला दिया। जब हम जवाबी कार्रवाई कर रहे थे, उस समय विशेष ध्यान रखा गया कि केवल पाकिस्तान में स्थित आतंकवादी शिविरों को ही निशाना बनाया जाए और किसी भी नागरिक क्षेत्र पर हमला न किया जाए। एक कुशल सर्जन की तरह भारतीय सशस्त्र बलों ने यह ऑपरेशन अंजाम दिया। मैं उन्हें इसके लिए बधाई देता हूं।' इस मौके पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। कार्यक्रम को उन्होंने भी संबोधित किया।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article