अमेठी: राहुल गांधी (Rahul Gandhi) 2024 का लोकसभा चुनाव अमेठी से लड़ेंगे। कांग्रेस नेता अजय राय ने बताया कि वे इसलिए चुनाव लड़ेंगे क्योंकि अमेठी से नेहरू-गांधी परिवार का पुराना पारिवारिक रिश्ता है। हालांकि अमेठी से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के फिर अगला संसदीय चुनाव लड़ने पर कांग्रेस पार्टी की ओर से अब तक कोई बयान नहीं आया है।
उत्तर प्रदेश में पार्टी के प्रांतीय प्रमुख अजय राय ने कहा कि गांधी-नेहरू परिवार के अमेठी से पुराने पारिवारिक संबंध हैं, इसे कोई कमजोर नहीं कर सकता। राहुल गांधी अमेठी से 2024 में चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अमेठी की जनता से उनकी अपील है कि वे राहुल गांधी को फिर से प्रचंड बहुमत से सांसद चुनकर दिल्ली भेजें।
राहुल गांधी 2019 के चुनावों में बीजेपी की स्मृति ईरानी (Smriti Irani) से हार गए थे। उससे पहले उन्होंने लगातार तीन बार अमेठी संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व किया था। उनसे पहले संजय गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी भी अमेठी से जीते थे। राय ने 2014 के साथ-साथ 2019 में भी वाराणसी से लोकसभा चुनाव लड़ा था।
राहुल गांधी की पिछले 97 दिनों से 'भारत जोड़ो यात्रा' कर रहे हैं। राय ने कहा कि अभी यह यात्रा राजस्थान से होकर गुजर रही है जिसके बाद यह अगले साल तीन या चार जनवरी को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। उससे पहले कांग्रेस पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के द्वारा जगह-जगह पर प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है।
राय ने कहा कि बीजेपी सरकार में हर जगह तनाव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि राहुल जी ने जीएसटी को गब्बर सिंह टैक्स बताया था, आज वह सही साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों में जीएसटी को लेकर भय व्याप्त है। उन्होंने दावा किया कि व्यापारी आज से नहीं, काफी समय से बीजेपी का तन-मन-धन से समर्थन करता आ रहा है, जबकि आज वह प्रताड़ित हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि चोरों पर कार्यवाही करो, क्या इसका मतलब व्यापारी आज चोर हो गया है।
