देश

चीन युद्ध की तैयारी कर रहा और हमारी सरकार सो रही- केंद्र पर भड़के राहुल गांधी, भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated May 3, 2023, 12:40 PM IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा पर हैं, जो इस समय राजस्थान से गुजर रही है। राहुल गांधी की यह यात्रा सौ दिन पूरे कर चुकी है। इसी अवसर पर राहुल गांधी ने राजस्थान में एक प्रेस कांफ्रेस को संबोधित किया, जहां उन्होंने बीजेपी पर सिलसिलेवार तरीके से कई मुद्दों पर हमला बोला है।

चीन को लेकर राहुल गांधी ने मोदी सरकार को चेतावनी देते हुए निशाना साधा है। राहुल गांधी ने कहा कि चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है, जबकि हमारी सरकार सो रही है। चीन का उद्देश्य स्पष्ट है। राहुल गांधी ने ये बातें राजस्थान में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कही।

क्या कहा राहुल ने

राहुल गांधी से जब एक पत्रकार ने चीन को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा- "मुझे दिख रहा है जो चाइना का थ्रेट है...मैं इसको दो-तीन सालों से कह रहा हूं, वो बिलकुल क्लियर है और सरकार उसको छुपाने की कोशिश कर रही है। मगर इस खतरे को न तो छुपाया जा सकता है और न ही इग्नोर किया जा सकेगा। उनकी पूरी तैयारी युद्ध को लेकर चल रही है। लद्दाख और अरुणाचल के साइड आक्रमक तैयारी चीन कर रहा है, वहीं हिंदुस्तान की सरकार सोई हुई है। इस बात को हिंदुस्तान की सरकार सुनना नहीं चाहती है।"

क्या है स्थिति

चीन लगातार भारत के साथ सीमा पर उलझ रहा है। गलवान झड़प के बाद अब अरुणाचल के तवांग सेक्टर में चीनी सैनिकों ने घुसपैठ का प्रयास किया था, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया था। इस झड़प को लेकर विपक्ष मोदी सरकार पर हमलावर है, संसद में चर्चा की मांग कर रहा है। सरकार का दावा है कि वो चीन के हर हमले का जवाब देने के लिए तैयार है।

भारत जोड़ो यात्रा

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। जिसके बाद यह यात्रा तमिलनाडु से निकलकर केरल पहुंची, फिर कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश होते हुए राजस्थान पहुंच गई है। इस यात्रा के 100 दिन पूरे हो चुके हैं। राजस्थान के बाद यह यात्रा 21 दिसंबर को हरियाणा में प्रवेश कर जाएगी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article