देश

चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल ₹8 महंगा कर दिया- मोदी सरकार पर Rahul Gandhi का वार, याद दिलाया अपना दावा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों (Petrol Diesel Price Hike) पर वृद्धि के लिए मोदी सरकार पर निशाना साधा है। राहुल ने कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि चुनाव के बाद सरकार कीमतें बढ़ाएगी।

Image

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (फाइल फोटो- rahulgandhi)

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने महंगाई पर मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल और डीजल (Petrol Diesel Price Hike) को 8 रुपये महंगा कर दिया गया है। राहुल गांधी ने अपना दावा याद दिलाते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि होगी। अब सरकार किश्तों में कीमतों में इजाफा कर रही है।

क्या-क्या बोले राहुल गाधी?

राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा- महंगाई मानव मोदी का फिर से हमला। पेट्रोल-डीजल के दाम किश्तों में बढ़ाते हैं - ताकि चुपके-चुपके आपकी जेब कटती रहे। मैं महीनों से आर्थिक तूफान आने की बात कह रहा था। पर मोदी जी तब हमेशा की तरह चुनाव में व्यस्त थे - और चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल ₹8 महंगा कर दिया। और, ये बढ़त होती ही जाएगी। महंगाई मानव मोदी का एक ही काम है - चुनाव में वादे, और बाक़ी समय जनता की जेब पर वार।

खरगे ने भी मोदी सरकार को घेरा

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में यह बढ़ोतरी मोदी सरकार द्वारा रोजाना की जाने वाली "डकैती" है और इसका खामियाजा आम लोग भुगत रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने आम लोगों की बचत को जलाने के लिए पेट्रोल छिड़का है। उन्होंने लिखा, "वर्ष 2004 से 2014 के बीच, संप्रग सरकार के दौरान, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में 175.34 प्रतिशत की वृद्धि हुई। मोदी सरकार के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें एक प्रतिशत भी नहीं बढ़ीं। इसके बावजूद मोदी सरकार में पेट्रोल की कीमतें 2014 में 71.41 प्रति लीटर से बढ़कर 2026 में 102.12 प्रति लीटर हो गईं। यह तो 43.01 प्रतिशत की वृद्धि हुई। डीजल की कीमतें 56.71 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 95.20 रुपये प्रति लीटर हो गईं यानी 67.87 प्रतिशत की वृद्धि हुई।"

कितने बढ़ गए हैं पेट्रोल-डीजल के दाम?

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को एक बार फिर वृद्धि की गयी। पेट्रोल की कीमत 2.61 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल के दाम 2.71 रुपये प्रति लीटर बढ़ाये गये हैं। पिछले दो सप्ताह से भी कम समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में यह चौथी बार बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 2.61 रुपये प्रति लीटर बढ़ाकर 102.12 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जो पहले 99.51 रुपये प्रति लीटर थी। डीजल के दाम 2.71 रुपये बढ़ाकर 95.20 रुपये प्रति लीटर कर दिए गए हैं, जो पहले 92.49 रुपये प्रति लीटर थे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article