NEET Paper Leak 2026: नीट परीक्षा रद्द होने के बाद देश की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस मुद्दे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और पेपर लीक जैसे मामलों में जिम्मेदार लोगों को बचाया जा रहा है।
सरकार ने ऐसे लोगों को दिया संरक्षण-राहुल गांधी
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि देश के युवाओं को यह समझना चाहिए कि NEET 2024 पेपर लीक मामले में उस समय NTA के महानिदेशक कौन थे और आज उन्हें सरकार ने किस पद पर बैठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ऐसे लोगों को सजा देने के बजाय उन्हें संरक्षण और तरक्की देती है। राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ एक परीक्षा का मामला नहीं है, बल्कि लाखों मेहनती छात्रों के सपनों से जुड़ा मुद्दा है।
आज देश में शिक्षा व्यवस्था कमजोर-कांग्रेस नेता
उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज देश में शिक्षा व्यवस्था कमजोर होती जा रही है। छात्रों और उनके परिवारों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई छात्रों ने परीक्षा की तैयारी के लिए दिन-रात मेहनत की, कुछ परिवारों ने बैंक से लोन लिया तो कुछ माताओं ने अपने गहने तक गिरवी रख दिए। लेकिन बदले में छात्रों को पेपर लीक, भ्रष्टाचार और सरकारी लापरवाही का सामना करना पड़ा।
राहुल गांधी ने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से छात्रों का भरोसा टूट रहा है। लाखों युवा मानसिक तनाव और अनिश्चितता में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक नाकामी नहीं, बल्कि देश के युवाओं के साथ अन्याय है। इस मामले को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है। अशोक गहलोत (Ashok Gehlot), कपिल सिबल (Kapil Sibal) और सुप्रिया श्राइनते (Supriya Shrinate) समेत कई नेताओं ने भी केंद्र सरकार और भाजपा पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष का कहना है कि सरकार को छात्रों के भविष्य की रक्षा के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
