देश

राहुल गांधी ने किसान नेताओं से की मुलाकात; बोले- अन्नदाताओं के भविष्य का सौदा मंजूर नहीं

India US Trade Deal: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने किसान नेताओं से मुलाकात की और कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता किसानों के साथ विश्वासघात है तथा उनके भविष्य का सौदा स्वीकार नहीं किया जा सकता।

Image

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)

India US Trade Deal: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने शुक्रवार को संसद भवन परिसर में देशभर के किसान यूनियनों के नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन शुरू करने और किसानों व खेत मजदूरों की आजीविका की सुरक्षा को लेकर चर्चा हुई।

ग्रैंड ओल्ड पार्टी 'कांग्रेस' ने बताया कि बैठक के दौरान किसान यूनियन के नेताओं ने भारत अमेरिका ट्रेड डील का विरोध किया और मक्का, सोयाबीन, कपास, फल और मेवा उगाने वाले किसानों की आजीविका को लेकर गहरी चिंता जताई। बकौल कांग्रेस, राहुल गांधी ने कहा कि ट्रेड डील ने खेती के इंपोर्ट के लिए रास्ता खोल दिया है और जल्द ही कई दूसरी फसलें भी इंपोर्ट होंगी।

PM मोदी पर बरसे राहुल गांधी

राहुल गांधी ने इस मुलाकात का वीडियो 'एक्स' पर साझा करते हुए पोस्ट किया, "नरेन्द्र 'सरेंडर' मोदी ने भारत के किसानों के साथ विश्वासघात किया है और किसान यह बात समझ चुके हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि यह सिर्फ़ एक व्यापार समझौता नहीं है, बल्कि हमारे अन्नदाताओं की आजीविका पर सीधा हमला है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा, "संसद में आज किसान संगठनों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाक़ात में उनकी चिंता साफ़ दिखी। महंगाई, बढ़ती लागत और एमएसपी की अनिश्चितता से जूझ रहे किसानों को अब भारी सब्सिडी और मशीनी ताक़त से लैस विदेशी फसलों के सामने बिना तैयारी खड़ा किया जा रहा है। यह बराबरी की लड़ाई नहीं, एकतरफ़ा दबाव है।"

'सरकार के खोखले आश्वासन नहीं चलेंगे'

उन्होंने इस बात पर जोर दिया, "सरकार के खोखले आश्वासन अब नहीं चलेंगे। किसानों के भविष्य का सौदा उनकी सहमति के बिना नहीं हो सकता।"

राहुल गांधी ने कहा, "कुछ भी हो जाए, मैं और कांग्रेस पार्टी भारत के अन्नदाताओं के हक़, सुरक्षा और सम्मान के लिए उनके साथ खड़े हैं।"

राहुल गांधी ने कहा कि इस व्यापार समझौते ने कृषि आयात के लिए दरवाज़ा खोल दिया है और जल्द ही कई अन्य फसलें भी इसकी चपेट में आ सकती हैं।

कांग्रेस के अनुसार, किसान संगठनों के नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध जताया और मक्का, सोयाबीन, कपास, फलों और मेवों की खेती करने वाले किसानों की आजीविका को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। उसने कहा, ''किसान नेताओं और राहुल गांधी ने इस समझौते का विरोध करने तथा किसानों और खेतिहर मज़दूरों की आजीविका की रक्षा के लिए एक बड़े राष्ट्रीय आंदोलन की आवश्यकता पर चर्चा की।''

राहुल गांधी के साथ बैठक में अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के नेता सुखपाल सिंह खैरा, भारतीय किसान मज़दूर यूनियन ( हरियाणा) के नेता एडवोकेट अशोक बलहारा, भारतीय किसान यूनियन (क्रांतिकारी) के नेता बलदेव एस. जीरा, प्रोग्रेसिव फार्मर्स फ्रंट के आर. नंदकुमार, भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) के अमरजीत एस. मोहरी, आम किसान यूनियन के केदार सिरोही, किसान मज़दूर मोर्चा (इंडिया) के गुरमनीत एस. मंगत, जम्मू-कश्मीर ज़मींदारा फ़ोरम के हमीद मलिक, हरियाणा किसान संघर्ष समिति के धर्मवीर गोयत, कृषक समाज के ईश्वर सिंह नैन और साउथ हरियाणा किसान यूनियन तथा कुछ अन्य संगठनों के नेता सतबीर खाताना शामिल हुए।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article