कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने राजस्थान के सीकर की उस फैमिली से बात की है, जिसके घर का बच्चे ने नीट पेपर लीक (NEET Paper Leak) के कारण सुसाइड कर ली थी। राहुल गांधी ने छात्र प्रदीप मेघवाल के माता-पिता से बात की और हर मदद का आश्वासन किया। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि वो बच्चे को तो वापस नहीं ला सकते है, लेकिन कोई मदद चाहिए तो वो बेहिचक बोलें।
राहुल गांधी ने मदद का दिया आश्वासन
पार्टी की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने सीकर पहुंचकर प्रदीप मेघवाल के परिजन से राहुल गांधी की फोन पर बात करवाई। कांग्रेस ने बातचीत का एक वीडियो ’एक्स’ पर साझा करते हुए कहा, ’’नीट का पेपर लीक होने के बाद राजस्थान में सीकर के छात्र प्रदीप मेघवाल ने आत्महत्या कर ली थी। अब नेता विपक्ष राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार से बात कर, उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।’’
पार्टी ने कहा, ’’प्रदीप मेघवाल के परिवार ने पढ़ाई के लिए लाखों रुपये का कर्ज लिया था। उसे उम्मीद थी कि उसका चयन हो जाएगा, लेकिन पेपर लीक माफियाओं ने उसके सपनों को कुचल दिया। पीड़ित परिवार की मांग है कि उनके साथ न्याय हो और पेपर लीक माफियाओं को सख्त सजा मिले।’’
अच्छे अंक आने की थी उम्मीद
सुसाइड करने वाला छात्र झुंझुनू जिले के गुढ़ागौड़जी इलाके में कनिका की ढाणी गांव का रहने वाला था। वह अपनी दो बहनों के साथ सीकर के जलधारी नगर में किराए के मकान में रह रहा था और नीट की तैयारी कर रहा था। पुलिस के अनुसार प्रदीप ने कथित तौर पर अपनी बहन की चुन्नी से फांसी लगा ली। उस समय उसकी एक बहन कोचिंग क्लास में थी और दूसरी बाथरूम में थी। अधिकारियों ने बताया कि उसकी बड़ी बहन ने उसे फंदे से लटका हुआ देखा एवं उसे नीचे उतारने के बाद मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। छात्र के पिता राजेश कुमार मेघवाल ने बताया कि प्रदीप की नीट की परीक्षा अच्छी हुई थी और परिवार को उम्मीद थी कि उसे करीब 650 अंक मिलेंगे।
