शहर

नीट पेपर लीक: आठ एकड़ जमीन पर बना रहा था अपने ‘सपनों का प्रोजेक्ट’, लातूर से कोचिंग संचालक की गिरफ्तारी के बाद योजना पर लगा ब्रेक!

NEET Paper Leak: महाराष्ट्र के लातूर में नीट यूजी पेपर लीक मामले में रेनुकाई केमिस्ट्री क्लासेस के संस्थापक शिवराज मोटेगांवकर को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। जांच में उनके मोबाइल से कथित लीक प्रश्नपत्र मिलने का दावा किया गया है।

Image

आठ एकड़ जमीन पर बन रहा था बड़ा शिक्षा प्रोजेक्ट (Photo: Shivrajmotegaonkar.com)

NEET Paper Leak: महाराष्ट्र के लातूर जिले में नीट यूजी पेपर लीक मामले को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रेनुकाई केमिस्ट्री क्लासेस (RCC) के संस्थापक शिवराज मोटेगांवकर (Shivraj Motegaonkar) की गिरफ्तारी के बाद अब उनके बड़े निर्माण प्रोजेक्ट की चर्चा भी तेज हो गई है। सीबीआई की जांच में सामने आया है कि मोटेगांवकर कथित तौर पर नीट पेपर लीक मामले से जुड़े हुए थे। लातूर के खोपेगांव शिवर इलाके में करीब आठ एकड़ जमीन पर एक बड़ा भवन बनाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि यहां स्कूल और कॉलेज खोलने की तैयारी चल रही थी।

सीबीआई ने रविवार को मोटेगांवकर को किया गिरफ्तार

निर्माणाधीन इमारत काफी बड़ी है और इसका काम तेजी से चल रहा था। अब मोटेगांवकर की गिरफ्तारी के बाद इस प्रोजेक्ट के लिए पैसे कहां से आए, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं। सीबीआई ने रविवार को मोटेगांवकर को गिरफ्तार किया। जांच एजेंसी के अनुसार, उनके मोबाइल फोन से नीट यूजी परीक्षा का कथित लीक प्रश्नपत्र मिला है। यह परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी। अधिकारियों का कहना है कि मोटेगांवकर एक संगठित गिरोह का हिस्सा थे, जो परीक्षा से पहले पेपर लीक करने और उसे फैलाने में शामिल था। जांच में यह भी सामने आया है कि उन्हें परीक्षा से करीब 10 दिन पहले ही प्रश्नपत्र और उसके उत्तर मिल गए थे।

कई शहरों से 10 लोग अरेस्ट

सीबीआई के मुताबिक, मोटेगांवकर की पहचान केमिस्ट्री शिक्षक पी. वी. कुलकर्णी से थी, जो राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। जांच के दौरान उनके ठिकानों से ऐसे प्रश्न बैंक भी मिले, जिनमें वही सवाल थे जो असली परीक्षा में पूछे गए। इस मामले में अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, पुणे, नासिक, लातूर और अहिल्यानगर समेत कई शहरों से 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीबीआई लगातार मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पेपर लीक का नेटवर्क कितना बड़ा था। नीट पेपर लीक मामले ने छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की नजर जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article