देश

'आप हमेशा वही क्यों कहते हैं जो BJP कहती है?' पत्रकारों को राहुल के जवाब से भड़की बीजेपी

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 4, 2023, 06:42 PM IST

एक ट्वीट में राहुल ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी पर चुप्पी का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया और पूछा कि वह भयभीत क्यों हैं?

Image

राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी पर चुप्पी का आरोप लगाया

Photo : BCCL

भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर मीडिया पर फिर से हमला करने का आरोप लगाया है। इसके लिए भाजपा ने राहुल गांधी की उस तीखी प्रतिक्रिया का हवाला दिया जिसमें एक पत्रकार द्वारा सवाल पूछे जाने पर कांग्रेस नेता ने उसी से सवाल किया कि आप हमेशा वही क्यों कहते हैं जो भाजपा कह रही है? कांग्रेस मुख्यालय में प्रवेश कर रहे पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष से भाजपा के इस आरोप के बारे में पूछा गया था कि उन्होंने मानहानि के एक मामले में सोमवार को अपनी दोषसिद्धि के खिलाफ सूरत की एक अदालत में अपील दायर करते समय बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को शामिल कर न्यायपालिका पर दबाव बनाने की कोशिश की।

राहुल गांधी मीडिया के पास गए और पूछा, आप हमेशा वही क्यों कहते हैं जो बीजेपी कह रही है? हर बार आप वही कहते हैं जो बीजेपी कह रही होती है। राहुल गांधी ने अपने आरोपों को दोहराते हुए कहा कि एक बहुत ही सरल बात है। अडानी जी की मुखौटा कंपनियों में 20,000 करोड़ रुपये का मालिक कौन है? यह बेनामी है। इसका मालिक कौन है? बाद में एक ट्वीट में राहुल ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी पर चुप्पी का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया और पूछा कि वह भयभीत क्यों हैं?

वहीं, राहुल गांधी पर पर निशाना साधते हुए भाजपा ने कहा कि देश के पिछड़े वर्गों और मीडिया का अपमान करना राहुल गांधी की मानसिकता है। सत्ताधारी भाजपा ने उन्हें अहंकारी वंशवादी भी करार दिया। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी ने कहा कि राहुल गांधी ने आज फिर से लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ पर कुठाराघात किया है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, देश के पिछड़े वर्ग का अपमान, मीडिया का अपमान- यही राहुल गांधी की मानसिकता है। ऐसा कर राहुल गांधी अपनी दादी के ही पदचिह्नों पर चलते हुए देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर लगातार हमला करने का दुस्साहस कर रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल अहंकारी वंशवादी हैं। हाल ही में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान एक पत्रकार को फटकार लगाने के बाद राहुल गांधी की आलोचना हुई थी। मोदी उपनाम वाले उनके बयान से अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का अपमान करने के भाजपा के आरोप के बारे में गांधी से सवाल पूछा गया था। यह उल्लेख करते हुए कि सम्मेलन में उनसे दो बार सवाल पूछा जा चुका है, राहुल गांधी ने संवाददाता पर भाजपा के लिए काम करने का आरोप लगाया था और उनसे पत्रकार होने का दिखावा नहीं करने को कहा था।

(पीटीआई इनपुट)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article