देश

'गड्ढों से भरी सड़कें...', रायबरेली में राहुल गांधी ने तस्वीरें दिखाकर अधिकारियों से पूछे तीखे सवाल; योगी के मंत्री ने किया पलटवार

DISHA Meeting: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी सड़कों की खराब हालत का मुद्दा उठाया।

Image

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी

Photo : PTI

DISHA Meeting: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी सड़कों की खराब हालत का मुद्दा उठाया। उन्होंने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक में गड्ढों से भरी सड़कों की तस्वीरें दिखाईं और इनके निर्माण के लिए जिम्मेदार एजेंसियों की जानकारी मांगी।

रायबरेली दौरे पर राहुल गांधी

राहुल गांधी दो दिवसीय रायबरेली दौरे पर हैं। उन्होंने कलेक्ट्रेट में आयोजित 'दिशा बैठक' में अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा के साथ हिस्सा लिया। बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इस बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।

राहुल गांधी ने की कार्रवाई की मांग

दिशा समिति के नामित सदस्य उमेश बहादुर सिंह उर्फ बबलू सिंह ने बताया कि राहुल गांधी ने अधिकारियों के सामने खस्ताहाल PMGSY सड़कों की तस्वीरें रखीं और कार्रवाई की मांग करते हुए कुछ सड़कों के नाम भी बताए। उन्होंने बताया कि PMGSY के अधिशासी अभियंता ने बैठक में भरोसा दिलाया कि खराब सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।

बकौल बबलू सिंह, राहुल गांधी ने इस बात पर भी जोर दिया कि अलग-अलग एजेंसियों द्वारा बनाई गई सड़कों की स्पष्ट पहचान होनी चाहिए और रिकॉर्ड में यह दर्ज होना चाहिए कि किस सड़क का निर्माण किस एजेंसी ने किया है। उन्होंने बताया, ''राहुल गांधी ने बैठक में केवल अधिकारियों से जानकारी नहीं मांगी, बल्कि जिले में सड़कों की स्थिति देखने के बाद उनकी तस्वीरों के साथ यह मुद्दा उठाया।''

Rahul Gandhi

रायबरेली में DISHA बैठक में शामिल हुए राहुल गांधी

राहुल गांधी पर बरसे योगी के मंत्री

बैठक के बाद राहुल गांधी बिना मीडिया से बात किए कलेक्ट्रेट से रवाना हो गए। वहीं, उत्तर प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि रायबरेली सांसद सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करने के बजाय उनमें कमियां ढूंढने में ज्यादा दिलचस्पी रखते हैं।

मंत्री ने दावा किया कि जब बैठक में 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' योजना पर चर्चा शुरू हुई तो राहुल गांधी ने पहले अधिकारी से पूछा कि इस योजना में क्या है और बाद में योजना के प्रचार-प्रसार पर खर्च होने वाली राशि का ब्योरा मांगा। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि राहुल गांधी 'दिशा बैठक' में रायबरेली के सांसद और समिति के अध्यक्ष की भूमिका से ज्यादा नेता प्रतिपक्ष के तौर पर हिस्सा ले रहे हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article