अलास्का में ट्रंप के साथ मीटिंग के बाद अब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी से फोन पर बात की है। इस बातचीत के दौरान पुतिन ने पीएम मोदी को ट्रंप के साथ मुलाकात के बारे में बताया। पीएम मोदी ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।
पुतिन ने किया पीएम मोदी को फोन
पीटीआई के अनुसार रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फोन किया और यूक्रेन युद्ध समाप्त करने को लेकर अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई बातचीत की जानकारी दी। पुतिन ने अमेरिकी राज्य अलास्का में ट्रंप के साथ हुई बातचीत के तीन दिन बाद प्रधानमंत्री मोदी को फोन किया। अलास्का शिखर सम्मेलन यूक्रेन युद्ध रोकने पर किसी सहमति के बिना समाप्त हुआ।
पीएम मोदी ने क्या कहा
फोन पर बातचीत के बाद, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ने लगातार यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान का आह्वान किया है और वह इस संबंध में सभी प्रयासों का समर्थन करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे मित्र, राष्ट्रपति पुतिन को धन्यवाद, फोन कॉल के लिए और अलास्का में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अपनी हालिया बैठक की अंतर्दृष्टि साझा करने के लिए। भारत ने यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान का लगातार आह्वान किया है और इस संबंध में सभी प्रयासों का समर्थन करता है। मैं आने वाले दिनों में हमारे निरंतर आदान -प्रदान के लिए तत्पर हूं।’’
