Delhi Red Fort Blast: दिल्ली में हुए धमाकों को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंगोला दौरे के दौरान गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात की, ऐसा सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि राष्ट्रपति ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए सभी प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गृहमंत्री से मामले की पूरी जानकारी ली और दोषियों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति को भरोसा दिलाया कि जांच एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
धमाके में अब तक 12 लोगों की मौत
बता दें कि गृह मंत्रालय ने दिल्ली धमाके की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी है। आज गृह मंत्री अमित शाह की बैठक के बाद ये फैसला लिया गया। धमाके में अब तक 12 लोगों की मौत हो गई है। वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी जांच का सिलसिला तेज करते हुए पुलवामा में मुख्य आरोपी डॉ. उमर के घरवालों को पूछताछ की है। इस बीच दिल्ली पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।
यह निर्णय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा विस्फोट के बाद राष्ट्रीय राजधानी और देश के अन्य हिस्सों में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के कुछ घंटों बाद आया। शाह ने मंगलवार दोपहर एक और सुरक्षा समीक्षा बैठक बुलाई है। हालांकि सरकार या पुलिस ने अबतक इसे आतंकी हमला घोषित नहीं किया है।
एक कार में विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत
सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक ट्रैफिक सिग्नल पर धीमी गति से चल रही एक कार में विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और कई वाहन जलकर खाक हो गए। इस धमाके में कई ऐसा मासूमों की जान चली गई जो किसी काम से चांदनी चौक गए हुए थे। तीन मृतक उत्तर प्रदेश से हैं।
दिल्ली ब्लास्ट का मुख्य आरोपी डॉ. उमर उन नबी सुर्खियों में
दिल्ली ब्लास्ट का मुख्य आरोपी डॉ. उमर उन नबी सुर्खियों में है। उसे लेकर नए खुलासे हो रहे हैं और उसके जिंदा होने या मरने पर भी कयास लग रहे हैं। बताया जा रहा है कि उसने ही कार में धमाका किया था जिसमें उसकी मौत हो गई है। यानी उसने दिल्ली में आत्मघाती हमले को अंजाम दिया। अगर ये सही साबित हुआ, तो दिल्ली में ये अपनी तरह की पहली आतंकी वारदात होगी। दिल्ली विस्फोट के संदिग्ध उमर के पिता और भाई को पूछताछ के लिए जम्मू-कश्मीर के पुलवामा स्थित उसके घर से हिरासत में लिया गया।
