देश

Sushila Karki: नेपाल की नई सरकार को PM मोदी का संदेश, पड़ोसी मुल्क के साथ रिश्तों को लेकर क्या कहा?

नेपाल की पूर्व प्रधान न्यायाधीश सुशीला कार्की ने देश की पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। यह कदम भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया प्रतिबंधों के खिलाफ हुए युवाओं के विरोध और पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली के इस्तीफे के बाद उठाया गया। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने कार्की को शपथ दिलाई और कहा कि नई सरकार को छह महीने के भीतर चुनाव कराने होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कार्की को बधाई दी और नेपाल की शांति व प्रगति के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

Image

नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री चुने जाने पर पीएम मोदी ने सुशीला कार्की को बधाई दी।(फोटो सोर्स: PTI)

Photo : PTI

Nepal Interim PM Sushila Karki: नेपाल पूर्व प्रधान न्यायाधीश सुशीला कार्की ने शुक्रवार रात नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। वह अंतरिम सरकार का नेतृत्व करेंगी। इसके साथ ही नेपाल में कई दिनों से जारी राजनीतिक अनिश्चितता का अंत हो गया क्योंकि कथित भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर प्रतिबंधों के खिलाफ युवाओं के हिंसक प्रदर्शन के चलते मंगलवार को के पी शर्मा ओली को अचानक प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने 73 वर्षीय कार्की को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई।

भारत नेपाल के लोगों की शांति, प्रगति प्रतिबद्ध: पीएम मोदी

सुशीला कार्की को नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री चुने जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभकामनाएं दी। उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा,"मैं माननीय श्रीमती सुशीला कार्की को नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने पर अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। भारत नेपाल के लोगों की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"

राष्ट्रपति पौडेल ने कहा कि नई कार्यवाहक सरकार को छह महीने के भीतर नए संसदीय चुनाव कराने का दायित्व सौंपा गया है। नई प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में नेपाल के प्रधान न्यायाधीश, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, सुरक्षा प्रमुख और राजनयिक समुदाय के सदस्य शामिल हुए।

कौन हैं सुशीला कार्की?

सुशीला कार्की, पूर्व चीफ जस्टिस भी रहीं हैं। इसके अलावा वो नामचीन लेखक भी हैं। बतौर जज अपने कार्यकाल में सुशीला कार्की न सिर्फ भ्रष्टाचार बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भी सख्त रुख अपना चुकी हैं। यही वजह है कि वो जेन-जी की पहली पसंद बनीं।

उन्होंने Mahendra Morang College, बिराटनगर से BA किया। इसके बाद उन्होंने बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी से Political Science में MA किया। इसके बाद भारत से लौटकर Tribhuvan University से कानून (LLB) की डिग्री ली। 1979 में Biratnagar में एडवोकेट के रूप में विधिक करियर शुरू किया।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article