PM Modi Madhubani Speech : पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के खिलाफ भारत का गुस्सा और कार्रवाई देख पाकिस्तान की सांसें तो फूल ही रही हैं, बिहार के मधुबनी में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के बाद तो वहां एक तरह से हड़कंप मच गया है। पाकिस्तानी मीडिया में तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। भारत ने बुधवार रात सिंधु जल समझौते पर रोक लगाने के साथ-साथ पाकिस्तान पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। अब पीएम मोदी ने कहा है कि इस आतंकवादी हमले के पीछे जो लोग भी हैं, चाहे वे कहीं भी छिपे हों, उन्हें ढूंढकर और चुन-चुनकर सजा दी जाएगी। हमले के साजिशकर्ताओं को बख्शा नहीं जाएगा।
पाकिस्तान के लिए रवाना हुए नवाज शरीफ
इस बीच खबर यह भी है कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ लंदन से पाकिस्तान के लिए रवाना हो गए हैं। नवाज पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ के भाई हैं। रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि नवाज गुरुवार को पाकिस्तान पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि नवाज का पाकिस्तान आना पहलगाम आतंकी हमले के तुरंत बाद हो रहा है। ट्रिब्यून डॉट कॉम की रिपोर्ट में कहा गया है कि उनका यह दौरा आपात स्थिति में हो रहा है। हालांकि, नवाज के आने पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पूर्व पीएम के इस दौरे के बारे में कहा गया कि पार्टी में होने वाली अहम राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए वह पाकिस्तान आ रहे हैं।
आतंक को मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है-पीएम
मधुबनी रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- '...मैं बहुत स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूं कि इन आतंकियों को और इस हमले की साजिश करने वालों को उनकी कल्पना से बड़ी सजा मिलेगी अब आतंकियों की बची-खुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। आतंक के आका धरती के किसी भी कोने में ही क्यों न छिपे हो, उन्हें हम छोड़ेंगे नहीं। उन्हें ढूंढकर चुन-चुनकर सजा दी जाएगी। 140 करोड़ भारतीयों की इच्छाशक्ति अब आतंक के आकाओं की कमर तोड़कर रहेगी।'
रणनीति बनाने के लिए शहबाज ने बुलाई उच्च स्तरीय बैठक
सिंधु जल संधि को निलंबित करने और राजनयिक संबंधों को कम करने के भारत के कदम पर उचित प्रतिक्रिया तैयार करने के लिए पाकिस्तान बृहस्पतिवार को एक उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक कर रहा है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पहलगाम की घटना के बाद भारत के कदमों को ‘गैरजिम्मेदाराना कार्रवाई’ कहा और इस पर विस्तार से चर्चा करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक बुलाई है।‘रेडियो पाकिस्तान’ की रिपोर्ट के अनुसार, बैठक में तीनों सेनाओं के प्रमुख और महत्वपूर्ण मंत्री शामिल होंगे। भारत ने मंगलवार को पहलगाम में आतंकी हमले में 26 लोगों की जान जाने के बाद सीमापार संबंधों के मद्देनजर बुधवार को 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया और पाकिस्तान के साथ राजनयिक संबंधों को कम करने की घोषणा की जिसमें उसके सैन्य अताशे को निष्कासित करना भी शामिल है।
