Guruvayur Temple : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार सुबह केरल गुरुवायूर मंदिर पहुंचे। पीएम ने यहां मंदिर के दर्शन किए और पूजा-पाठ की। पीएम मोदी केरल और आंध्र प्रदेश के दौरे पर हैं। मंगलवार को पीएम आंध्र प्रदेश के लेपाक्षी स्थित वीरभद्र मंदिर पहुंचे। यहां राम धुन में तल्लीन होते हुए 'श्री राम जय राम जय जय राम' भजन गुनगुनाया। बता दें कि पीएम मोदी अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर में राम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होगी। यह धार्मिक कार्य प्रधानमंत्री मोदी के हाथों संपन्न होगा। इसके लिए पीएम 11 दिनों के विशेष अनुष्ठान पर हैं। वह देश भर के मंदिरों का दौरा कर रहे हैं।
महाराष्ट्र स्थित पंचवटी गए
सबसे पहले वह महाराष्ट्र के पंचवटी गए। भगवान राम, अपनी पत्नी सीता और भाई लक्ष्मण के साथ यहीं पर वनवास काट रहे थे और यहीं रावण माता सीता का अपहरण कर उन्हें अपने साथ ले गया।
अनुभूति का अवसर है यह भाव यात्रा-पीएम
उन्होंने कहा, ‘मैं भावुक हूं, भाव-विह्वल हूं। मैं पहली बार जीवन में इस तरह के मनोभाव से गुजर रहा हूं।’प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस स्वप्न को अनेक पीढ़ियों ने वर्षों तक एक संकल्प की तरह अपने हृदय में जिया, उन्हें उसे साकार होते हुए देखने का सौभाग्य मिला है। मोदी ने एक ऑडियो संदेश में कहा कि उनके अंतर्मन की यह भाव यात्रा अभिव्यक्ति की नहीं बल्कि अनुभूति का अवसर है। उन्होंने कहा कि वह चाहते हुए भी इसकी गहनता, व्यापकता और तीव्रता को शब्दों में बांध नहीं पा रहे हैं।
'यम नियम' का पालन कर रहे प्रधानमंत्री
अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी व्यस्तताओं और जिम्मेदारियों के बावजूद धर्मग्रंथों में वर्णित सभी निर्देशों का सख्ती से पालन करने का फैसला किया है। एक अधिकारी ने कहा, ‘इसके लिए, प्रधानमंत्री ने प्राण प्रतिष्ठा के लिए 11 दिन के यम नियम का पालन शुरू कर दिया है।’यम नियम के तहत इसका पालन करने वालों के लिए योग, ध्यान और विभिन्न पहलुओं में अनुशासन सहित कई कठोर उपायों का वर्णन है। अधिकारी ने कहा कि मोदी अपने दैनिक जीवन में इनमें से कई अनुशासन का पालन करते हैं, जिनमें सूर्योदय से पहले ब्रह्म मुहूर्त में जागना, ध्यान करना और सात्विक भोजन करना शामिल है।
