देश

प्रधानमंत्री मोदी ने किर्गिस्तान और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपतियों से की मुलाकात, द्विपक्षीय संबंधों पर हुई चर्चा

पीएम मोदी ने रविवार को एससीओ शिखर सम्मेलन के मौके पर तियानजिन में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ एक बैठक की। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि दोनों पक्षों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के महत्व पर सहमति जताई।

Image

प्रधानमंत्री मोदी ने चीन में कई राष्ट्र प्रमुखों से की मुलाकात (फोटो- @narendramodi)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के दौरान किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सादिर जापारोव और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने पर चर्चा की।पीएम मोदी ने दोनों नेताओं के साथ हुई मुलाकात की तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया।

किर्गिस्तान के राष्ट्रपति से पीएम मोदी ने की मुलाकात

उन्होंने लिखा, "तियानजिन में किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सादिर जापारोव के साथ बहुत उपयोगी बातचीत हुई। हमारे देशों के बीच मजबूत साझेदारी है और हम अपने विकासात्मक सहयोग को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।" उन्होंने उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति के साथ हुई मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, "उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव से मुलाकात की। भारत और उज्बेकिस्तान के बीच एक गतिशील साझेदारी है जो संस्कृति, अर्थव्यवस्था और जन-जन के संबंधों में लगातार विस्तार कर रही है।"

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू से पीएम मोदी की मुलाकात

इससे पहले, पीएम मोदी ने तियानजिन में एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू से बातचीत की थी। उन्होंने कहा कि मालदीव के साथ भारत का विकास सहयोग हमारे लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी है। एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने मिस्र के प्रधानमंत्री के साथ हुई मुलाकात की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा, "एससीओ शिखर सम्मेलन में मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मदबौली से मुलाकात हुई। कुछ साल पहले की अपनी मिस्र यात्रा को याद किया। भारत-मिस्र मैत्री प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रही है।"

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बैठक

इसके अलावा, पीएम मोदी ने रविवार को एससीओ शिखर सम्मेलन के मौके पर तियानजिन में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ एक बैठक की। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि दोनों पक्षों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के महत्व पर सहमति जताई। पीएम मोदी ने एक्स पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, "एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान तियानजिन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ सार्थक बैठक हुई। हमने कजान में पिछली बैठक के बाद भारत-चीन संबंधों में सकारात्मक प्रगति की समीक्षा की। हमने सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के महत्व पर सहमति जताई और पारस्परिक सम्मान, हित और संवेदनशीलता के आधार पर सहयोग के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article