देश

कुरुक्षेत्र में भव्य समागम: गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत कार्यक्रम में शामिल होंगे पीएम मोदी, ब्रह्मसरोवर महाआरती में लेंगे भाग

पीएम मोदी आज कुरुक्षेत्र के दौरे पर रहेंगे, जहां वो गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Image

श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर आयोजित राज्यस्तरीय समागम में शामिल होंगे पीएम मोदी (फाइल फोटो- PTI)

कुरुक्षेत्र में श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत दिवस पर राज्यस्तरीय समागम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। यहां पीएम मोदी कई आध्यात्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री महाभारत थीम पर निर्मित ज्योतिसर स्थित अनुभव केंद्र का लोकार्पण करेंगे और अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान पवित्र ब्रह्मसरोवर पर आयोजित महाआरती में भी भाग लेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया समागम स्थल का निरीक्षण

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समागम स्थल का निरीक्षण किया और मंच, सुरक्षा प्रबंधन, पार्किंग, संगत स्थान व सुविधाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण हों और प्रबंधन में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। मुख्यमंत्री ने ब्रह्मसरोवर स्थित पुरुषोत्तम बाग का निरीक्षण कर सुरक्षा और आयोजन से जुड़े पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में विभिन्न देशों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का भी दौरा किया, जहां विदेशी मेहमानों ने गर्मजोशी से ‘नमस्ते’ कहकर उनका स्वागत किया।

गुरु तेग बहादुर जी का अद्वितीय त्याग

धर्म और मानवता की रक्षा के लिए श्री गुरु तेग बहादुर जी ने औरंगजेब के अत्याचारों के विरुद्ध दृढ़तापूर्वक संघर्ष करते हुए बलिदान दिया। उनके साथ भाई दयाला जी, भाई मती दास जी और भाई सती दास जी ने भी अद्भुत साहस का परिचय दिया। कुरुक्षेत्र की यह धरती इसलिए भी विशेष है कि यहां आठ गुरु साहिब पधारे। हरियाणा में 28 ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब इन पावन स्मृतियों को संजोए हुए हैं। 1 नवंबर 2025 से पूरे प्रदेश में गुरु साहिब को समर्पित कार्यक्रमों और चार दिशाओं से यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है ताकि उनके संदेश जन-जन तक पहुंच सके। इसी श्रृंखला में आज यह भव्य समागम आयोजित है।

ज्योतिसर में महाभारत अनुभव केंद्र का लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ज्योतिसर में महाभारत थीम पर बनाए गए ‘अनुभव केंद्र’ का उद्घाटन करेंगे। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण के पावन शंख ‘पांचजन्य’ के स्मारक का भी अनावरण करेंगे। लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह केंद्र भारत सरकार की ‘स्वदेश दर्शन’ योजना के अंतर्गत विकसित किया गया है। इसमें महाभारत की कथा, दर्शन, इतिहास और विज्ञान को आधुनिक तकनीक के माध्यम से अनुभवात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है। शंख आकार का यह स्मारक 5 से 5.5 टन वजन और 4 से 5 मीटर ऊंचाई का है, जो धर्म और सत्य का प्रतीक है।

ब्रह्मसरोवर पर होगी भव्य महाआरती

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पवित्र ब्रह्मसरोवर पर आयोजित महाआरती में शामिल होंगे। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए ‘गीता ज्ञान’ का यह वैश्विक उत्सव हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं, पर्यटकों, विद्वानों, कलाकारों और अध्यात्म साधकों को आकर्षित करता है। मंत्रोच्चारण, दीपों की आभा और आस्था की ऊर्जा से सम्पन्न यह महाआरती भारत की आध्यात्मिक विरासत और कुरुक्षेत्र की अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मजबूत बनाएगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article