देश

दो दिन बाद किसानों की होगी बल्ले-बल्ले; जारी होगी PM-Kisan की 22वीं किस्त, 9.32 करोड़ किसानों को मिलेंगे 18,640 करोड़ रुपये

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से किसानों के खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों के सम्मान और आर्थिक मजबूती के लिए सरकार की प्रमुख पहल है।

Image

PM Kisan Samman Yajana की 22वीं किस्त

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) की 22वीं किस्त 13 मार्च 2026 को जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के गुवाहाटी से इस किस्त का डिजिटल ट्रांसफर करेंगे। इस दौरान देशभर के 9.32 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में 18,640 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।

गुजरात के किसानों को मिलेंगे 1,028 करोड़ रुपये

इस किस्त का लाभ गुजरात के लगभग 49.59 लाख किसान परिवारों को मिलेगा। राज्य में किसानों के खातों में 1,028 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे जमा की जाएगी। गांधीनगर में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। किसान इस कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन से जुड़ेंगे।

राज्य के कृषि मंत्री और प्रवक्ता जीतू वाघानी ने बताया कि कार्यक्रम का प्रसारण जिलों, तालुका मुख्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों, मार्केट यार्डों, किसान उत्पादक संगठनों, पीएम किसान समृद्धि केंद्रों और प्राथमिक कृषि ऋण समितियों में भी किया जाएगा।

अब तक 4.09 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा ट्रांसफर

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के अनुसार फरवरी 2019 में योजना शुरू होने के बाद अब तक किसानों के खातों में 4.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे भेजी जा चुकी है। 22वीं किस्त जारी होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 4.27 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन बराबर किस्तों में दी जाती है।

महिला किसानों को भी मिलेगा बड़ा लाभ

22वीं किस्त में 2.15 करोड़ से अधिक महिला किसान भी लाभान्वित होंगी। सरकार का कहना है कि यह राशि किसानों को बीज, खाद, कीटनाशक और अन्य कृषि जरूरतों को पूरा करने में मदद करती है। इसके अलावा यह पैसा परिवार की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य घरेलू जरूरतों में भी सहायक होता है।

तकनीक आधारित पारदर्शी प्रणाली

सरकार के मुताबिक पीएम-किसान योजना पूरी तरह तकनीक आधारित और पारदर्शी है। इसमें बिचौलियों की कोई भूमिका नहीं है। किसानों की सुविधा के लिए पीएम-किसान पोर्टल पर ‘Know Your Status (KYS)’ मॉड्यूल उपलब्ध कराया गया है, जहां किसान अपनी भुगतान स्थिति, आधार लिंकिंग, भूमि सीडिंग और ई-केवाईसी की जानकारी देख सकते हैं।

इसके अलावा सरकार ने फेस ऑथेंटिकेशन आधारित मोबाइल ऐप भी शुरू किया है, जिससे किसान घर बैठे ई-केवाईसी पूरा कर सकते हैं। वहीं कृषि मंत्रालय का एआई आधारित वॉइस चैटबॉट ‘किसान-ईमित्र’ 11 क्षेत्रीय भाषाओं में किसानों को 24 घंटे जानकारी देता है।

गुजरात में अब तक 22,069 करोड़ रुपये की सहायता

राज्य सरकार के अनुसार पीएम-किसान योजना के तहत अब तक 21 किस्तों के जरिए गुजरात के 69.24 लाख किसान परिवारों को 22,069 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है।इस बीच राज्य सरकार ने गर्मी के मौसम को देखते हुए जलाशयों में पानी के स्तर की भी समीक्षा की है ताकि पीने और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा सके। अच्छी मानसूनी बारिश के कारण इस साल राज्य के प्रमुख जलाशयों में जल भंडारण की स्थिति बेहतर बताई जा रही है।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें