देश

Corona Update: PM मोदी ने की हाई लेवल मीटिंग, टेस्टिंग बढ़ाने और निगरानी पर दिया जोर

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 23, 2022, 10:15 AM IST

वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से हुई इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया और नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलावा स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण, गृह सचिव अजय कुमार भल्ला, नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परमेश्वरन अय्यर सहित स्वास्थ्य व गृह मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

देश में बढ़ते कोरोना के खतरे को लेकर पीएम मोदी ने दिल्ली में एक हाईलेवल मीटिंग की। इस मीटिंग में स्वास्थ्य मंत्री से लेकर गृह मंत्री अमित शाह तक शामिल हुए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस मीटिंग में पीएम मोदी ने टेस्टिंग और सतर्कता पर जोर दिया।

पीएम मोदी की अपील

प्रधानमंत्री ने इस दौरान सभी से अपील की कि वे हर समय कोविड से बचने वाले व्यवहार का पालन करें। प्रधानमंत्री ने यह भी आग्रह किया कि एहतियाती खुराक को विशेष रूप से कमजोर और बुजुर्गों के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इस मीटिंग में पीएम ने दवाओं, अस्पताल में मौजूद बिस्तरो, प्रबंधों आदि की समीक्षा की। उन्होंने आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और कीमतों की नियमित निगरानी करने की सलाह भी दी।

कौन-कौन थे मौजूद

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित शीर्ष अधिकारी देश में कोविड -19 की तैयारियों का आकलन करने के लिए बैठक में मौजूद रहे। यह बैठक चीन में कोविड-19 मामलों में भारी उछाल के बीच हुई है। बैठक वीडियो क्रांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई।

वर्तमान स्थिति

बता दें कि भारत में अभी तक खतरनाक BF.7 वेरिएंट के चार मामलों का पता चला है। इसी वेरिएंट ने चीन में तबाही मचा रखी है। हालांकि, नीति आयोग के सदस्य वीके पॉल ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। यह कोई नया वैरिएंट नहीं है, बल्कि Omicron BA.5 का एक सब वेरिएंट है। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में शामिल होने के बाद पॉल ने कहा- "लोगों को भीड़-भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनना चाहिए। जिन लोगों को पहले से कोई बीमारी है या बुजुर्ग हैं, उन्हें विशेष रूप से इसका पालन करना चाहिए।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article