देश

'PM Modi और अमेरिकी राष्ट्रपति Trump एक जैसे, दोनों ऑन द स्पॉट लेते हैं अपने फैसले'

पूर्व राजनयिक दीपक वोहरा ने पीएम मोदी के अन्य वैश्विक नेताओं के साथ रिश्ते को लेकर खास बात की। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक जैसे हैं, दोनों अपने फैसले ऑन द स्पाट लेते हैं।

Image

PM Modi और अमेरिकी राष्ट्रपति Trump (फाइल फोटो)

पीएम मोदी ने अमेरिकी पॉडकास्टर लेक्स फ्रिडमैन के साथ कई वैश्विक मुद्दों समेत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अपने रिश्तों के बारे में चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अमेरिका में हुए 'हाउडी मोदी' कार्यक्रम का भी जिक्र किया। पूर्व राजनयिक दीपक वोहरा ने बताया, 'जब अमेरिका में हाउडी मोदी इवेंट था, उस समय मैं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिला था। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति से कहा था, कार्यक्रम में इतने सारे लोग आए हैं, चलिए सैर करते और सभी से मिलते हैं। इसके बाद ट्रंप ने अपनी सिक्योरिटी से पीछे हटने के लिए कहा और सभी से मिलने चले गए। राष्ट्रपति ट्रंप अपने फैसले ऑन द स्पॉट खुद करते हैं। ऐसे ही पीएम मोदी भी करते हैं। यही कारण है कि शीर्ष नेताओं के बीच गहरी दोस्ती और एक-दूसरे पर भरोसा है। मेरा मानना है कि पीएम मोदी सभी सलाहकारों की बात सुनते हैं और निर्णय अपना करते हैं।'

यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध में टेबल पर बैठकर बातचीत करने से इसका हल किया जा सकता है। पीएम मोदी की इस टिप्पणी पर पूर्व राजनयिक दीपक वोहरा ने कहा, 'मुझे कूटनीति के क्षेत्र में कुल 53 साल हो गए। मैंने बहुत से देशों में जंग देखी है। हाल ही में मैं जब सूडान और दक्षिण सूडान में राजदूत था। वहां पर जंग होती थी, लेकिन वे टेबल पर बैठकर बातचीत करते थे। 10 मिनट के बाद सारे समझौते ठप्प हो जाते थे और फिर जंग होता था। लेकिन, अंत में जब कोई जंग रूका तो वो टेबल पर समझौता होने के बाद।'

उन्होंने आगे कहा, विश्वयुद्ध में भी यह देखने को मिला कि, जब फौज लड़ते-लड़ते थक गई, तो टेबल पर बैठकर बात करने से युद्ध खत्म हुआ। वहीं, अभी रूस और यूक्रेन का जो युद्ध चल रहा है, इसमें भी अंत में टेबल पर बैठकर ही खत्म करना होगा। ऐसे में पीएम मोदी इस पर बिल्कुल सही हैं।

पड़ोसी मुल्क चीन को लेकर पीएम मोदी के दिए स्टेटमेंट पर पूर्व राजनयिक ने कहा, पीएम मोदी ने बिल्कुल सही कहा कि 2020 में गलवान घाटी में जो हुआ था, उसके बाद स्थिति काफी बेहतर हो चुकी है। लेकिन, एक चीज है कि हम भरोसा नहीं कर सकते। चीन की छवि ऐसी ही रही है कि वो कहता कुछ है और करता कुछ है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article