देश

पीएम मोदी के विदेश से लौटते ही आज मंत्रिपरिषद की अहम बैठक, रिपोर्ट कार्ड पर होगी बात, मंत्रालय देंगे प्रजेंटेशन, क्या-क्या होगा?

प्रधानमंत्री मोदी पांच देशों संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की अपनी यात्रा संपन्न करके बुधवार रात रोम से भारत के लिए रवाना हो गए। पीएम के लौटते ही अहम बैठक होगी।

Image

पीएम मोदी करेंगे अहम बैठक

Photo : ANI

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम साढ़े 4 बजे दिल्ली के सेवा तीर्थ में मंत्रिपरिषद की एक अहम बैठक की अध्यक्षता कर सकते हैं। यह बैठक प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरे से लौटने के तुरंत बाद होगी और इसमें सभी केंद्रीय मंत्रिमंडल मंत्रियों, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों और राज्य मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और भारत पर इसके संभावित आर्थिक प्रभाव पर चर्चा होने की संभावना है। क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के बीच सरकार तेल की कीमतों, ईंधन आपूर्ति श्रृंखलाओं और मुद्रास्फीति से जुड़ी चिंताओं पर कड़ी नजर रख रही है।

मौजूदा स्थिति की समीक्षा करने की उम्मीद

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद मौजूदा स्थिति की समीक्षा करने की उम्मीद है। सरकार ने संकट की निगरानी करने और भारत को दिक्कतों से बचाने के उपायों का सुझाव देने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में मंत्रियों का एक उच्चस्तरीय अनौपचारिक समूह पहले ही गठित कर लिया है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह, निर्मला सीतारमण और हरदीप सिंह पुरी इस समूह का हिस्सा हैं। राजनाथ सिंह ने हाल ही में कहा था कि सरकार स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर रख रही है। राजाथ सिंह ने कहा था कि चाहे कच्चा तेल हो, ऊर्जा हो या एलपीजी, आज भी हमारे पास पर्याप्त भंडार है। कोई खास समस्या नहीं है।

11 महीने बाद मंत्रिपरिषद की बैठक

मंत्रिपरिषद की 11 महीने बाद आज बैठक होने जा रही है। सेवा तीर्थ में आज शाम साढ़े चार बजे से शुरू होने वाले बैठक के करीब 4-5 घंटे चलने की संभावना है। इसमें सुधारों को लेकर करीब एक दर्जन मंत्रालय प्रजेंटेशन देंगे। ऊर्जा, वित्त, रेलवे, वाणिज्य, श्रम, कृषि, वन एवं पर्यावरण, सड़क परिवहन, परमाणु ऊर्जा, डीपीआईआईटी आदि मंत्रालयों के सचिव प्रजेंटेशन देंगे।

इससे पहले सभी मंत्रालय पिछले दो वर्षों में सुधारों के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी कैबिनेट सचिवालय को सौंप चुके हैं। ऐसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश के बाद किया गया था। अपने मंत्रालयों द्वारा सुधारों की दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी देंगे साथ ही यह भी बताएंगे कि आगे सुधार किस तरह किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन होगा जिसमें सरकार के आने वाले एजेंडे के बारे में बताए जाने की संभावना है। पश्चिम एशिया के युद्ध के मद्दनेजर कई महत्वपूर्ण सुधारों पर चर्चा किए जाने की संभावना है। इससे पहले पिछले साल 4 जून को मंत्रिपरिषद की बैठक हुई थी। 9 जून को मोदी सरकार के 12 साल पूरे हो रहे हैं। पिछले बारह वर्षों के कामकाज की रिपोर्ट भी दी जाएगी। सभी मंत्रालयों से पिछले 12 वर्षों में चलाई गई सफल योजनाओं की सूची मांगी गई है।

क्या-क्या होगा?

  • मंत्रिमंडल फेरबदल कयासों के बीच बैठक
  • सभी मंत्रियों के विभागों का आकलन
  • कोई इमरजेंसी सिचुएशन
  • भविष्य की प्लानिंग/ पालिसी पर चर्चा
  • मंत्रियों के दो साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश होगा
  • सरकार के 12 साल के कामकाज की समीक्षा

जानकारी: कैबिनेट बैठक आमतौर पर प्रत्येक बुधवार को होती है जिसमे सिर्फ कैबिनेट मंत्री भाग लेते हैं। जबकि मंत्री परिषद में सभी कैबिनेट मंत्री, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और राज्य मंत्री हिस्सा लेते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी पांच देशों की यात्रा संपन्न कर स्वदेश रवाना

प्रधानमंत्री मोदी पांच देशों संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की अपनी यात्रा संपन्न करके बुधवार रात रोम से भारत के लिए रवाना हो गए। पीएम मोदी ने यात्रा के अंतिम पड़ाव में इटली में अपनी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी के साथ वार्ता की, जिसमें दोनों देश आपसी संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमत हुए। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, इटली की बेहद सफल यात्रा समाप्त कर रहा हूं। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। इस यात्रा के दौरान भारत-इटली संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर ले जाने का निर्णय लिया गया, जिससे आने वाले वर्षों में हमारे सहयोग को नयी गति मिलेगी।

उन्होंने लिखा, मैं प्रधानमंत्री मेलोनी, इतालवी सरकार और इटली के लोगों को उनकी मित्रता व गर्मजोशी के लिए धन्यवाद देता हूं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, भारत-इटली संबंध और मजबूत हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की पांच देशों की यात्रा का अंतिम चरण संपन्न हुआ। इटली की सफल यात्रा के बाद प्रधानमंत्री भारत के लिए रवाना हो गए हैं। इस यात्रा में महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए और इटली के साथ विशेष रणनीतिक साझेदारी को प्रगाढ़ बनाने की दिशा में नयी गति मिली।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article