Pakistan Mosque Blast: आतंकियों को पालने-पोसने वाला पाकिस्तान अब अपनी ही करनी का फल भुगत रहा है और भारत पर बेतुके आरोप लगाने का कोई मौका नहीं छोड़ रहा है। घरेलू सियासत, जातिवादी लड़ाइयों और आतंकी हमलों में बर्बाद पाकिस्तान कुतर्क देने में लगा है। इस्लामाबाद में हाल ही में हुए एक आत्मघाती हमले को लेकर पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने पुराना राग छोड़ते हुए भारत पर बेतुका आरोप लगाया है। अपने देश में कट्टरपंथ, अलगाववाद और भेदभाव को बढ़ावा देने वाला पाकिस्तान अब अपने ही शिकंजे में फंस गया है आत्मघाती हमले का सिलसिला तेज हो गया है।
मोहसिन नकवी ने छेड़ा पुराना राग
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने शनिवार को पुराना राग छेड़ते हुए आरोप लगाया कि भारत उनके देश में उग्रवादी संगठनों की मदद कर रहा है। हालांकि, उन्होंने अपने दावों के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया। भारत ने इससे पहले शुक्रवार को इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए आत्मघाती विस्फोट में किसी भी तरह की संलिप्तता के पाकिस्तान के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था। इस विस्फोट में कम से कम 36 लोग मारे गए और 160 से अधिक लोग घायल हो गए थे।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को हमले की निंदा करते हुए कहा था, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अपने सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित करने वाली समस्याओं का गंभीरता से समाधान करने के बजाय, अपनी घरेलू समस्याओं के लिए दूसरों को दोषी ठहराकर खुद को भ्रमित करने का विकल्प चुन रहा है।
इसमें कहा गया है कि भारत इस तरह के हर आरोप को खारिज करता है, जो निराधार होने के साथ-साथ निरर्थक भी है।
ख्वाजा आसिफ ने भी लगाया था बेतुका आरोप
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शुक्रवार को बिना कोई सबूत दिए आरोप लगाया कि इस हमले में भारत और अफगानिस्तान का हाथ था। पाकिस्तान के गृह मंत्री नकवी ने शनिवार को कहा कि दाएश (ISIS) और तालिबान के नाम सामने आ रहे हैं, लेकिन उन्हें कहीं से धन और लक्ष्य मिल रहे हैं, और फिर उन्होंने भारत की ओर इशारा किया। मंत्री ने बिना कोई सबूत पेश किए आरोप लगाया, मैं फिर से स्पष्ट रूप से कहता हूं कि उनका वित्तपोषण भारत से हो हो रहा है।
ये वहीं गृहमंत्री हैं जो एशिया क्रिकेट काउंसिल के भी चेयरमैन हैं और पिछले साल एशिया कप क्रिकेट चैंपियन भारत को कप देने के बजाय अपने साथ ले गए थे। मोहसिन की एक पहचान यह भी है कि वह आर्मी चीफ आसिम मुनीर के बहनोई हैं, जो भारत से गहरी नफरत के लिए पहचाने जाते हैं। मुनीर के कदमों पर चलते हुए ही मोहसिन ने भारत पर बेतुके आरोपों का सिलसिला शुरू किया है।
