देश

'वोट चोरी' के मुद्दे पर विपक्ष में दो फाड़, बोले उमर अब्दुल्ला: ‘इंडिया' गठबंधन का इससे कोई लेना-देना नहीं

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कांग्रेस के वोट चोरी अभियान से खुद को अलग करते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का इस मुद्दे से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर राजनीतिक दल को अपना एजेंडा तय करने की स्वतंत्रता है।

Image

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (फोटो- PTI)

एक ओर कांग्रेस वोट चोरी के मुद्दे को लेकर सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ आक्रमक हो रखी है, दूसरी ओर कांग्रेस की ही सहयोगी पार्टी इस मुद्दे से अलग करती दिख रही है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से साफ कर दिया है कि वोट चोरी के मुद्दे से उनका और उनकी पार्टी नेशनल कांफ्रेंस का कोई लेना-देना नहीं है। नेशनल कांफ्रेंस, इंडिया गठबंधन का हिस्सा है, लोकसभा में विपक्षी सांसदों की संख्या के हिसाब से कांग्रेस गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी है।

वोट चोरी पर क्या बोले उमर अब्दुल्ला?

कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे वोट चोरी और कथित चुनावी अनियमितताओं के मुद्दे पर टिप्पणी करने के लिए कहे जाने पर अब्दुल्ला ने कहा, “ ‘इंडिया’ गठबंधन का इससे कोई लेना-देना नहीं है। हर राजनीतिक दल को अपना एजेंडा तय करने की स्वतंत्रता है। कांग्रेस ने 'वोट चोरी' और एसआईआर (मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण) को अपना मुख्य मुद्दा बनाया है। हम उन्हें कुछ कहने वाले कौन होते हैं?”

कांग्रेस ने की थी रैली

इससे एक दिन पहले कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में 'वोट चोर गद्दी छोड़' रैली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और निर्वाचन आयुक्तों पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि "वोट चोरी" सत्ताधारी पार्टी के डीएनए में है और उसके नेता "गद्दार" हैं जो लोगों के मतदान के अधिकार को छीनने की साजिश रच रहे हैं और उन्हें सत्ता से हटाया जाना चाहिए। कांग्रेस ने दावा किया है कि उसने "वोट चोरी" के खिलाफ लगभग छह करोड़ हस्ताक्षर एकत्र किए हैं और वह इन्हें भारत के राष्ट्रपति को सौंपेगी।

खरगे ने बताया था 'गद्दार'

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि ‘वोट चोरी’ करने वाले ‘‘गद्दार’’ हैं और इन्हें सत्ता से हटाना होगा ताकि वोट के अधिकार और संविधान को बचाया जा सके। खरगे ने रामलीला मैदान में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली में यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आरएसएस और मनुस्मृति की विचारधारा पर आगे बढ़ रहे हैं जिससे खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि देश को बचाना है, वोटों को सुरक्षित रखना है, संविधान को बचाना है तो लोगों को कांग्रेस एवं राहुल गांधी के साथ खड़ा होना होगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article