कांग्रेस के जिस नेता ने खरगे की उम्र पर उठाया था सवाल, उसे पार्टी ने दिखा दिया बाहर का रास्ता
- Edited by: शिशुपाल कुमार
- Updated Dec 15, 2025, 04:05 PM IST
ओडिशा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बाराबती-कटक से पूर्व विधायक मोहम्मद मोकिम को प्रदेश नेतृत्व को खुली चुनौती देने और कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया है।
कांग्रेस ने पूर्व विधायक मोहम्मद मोकिम को पार्टी से निकाला (फोटो- iammdmoquim)
कांग्रेस के जिस नेता ने सोनिया गांधी को खत लिख खरगे की उम्र पर सवाल उठाया था, उसे पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा गया है।ओडिशा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक मोहम्मद मोकिम को पार्टी के प्रदेश नेतृत्व को चुनौती देने के बाद पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के एक नेता ने सोमवार को यह जानकारी दी। ओपीसीसी अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि मोकिम को ‘‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’’ के लिए निष्कासित किया गया है।
मोहम्मद मोकिम क्यों हुए कांग्रेस से बाहर?
बाराबती-कटक विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक मोकिम ने हाल ही में ओपीसीसी नेतृत्व को चुनौती दी थी और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को एक पत्र लिखा था। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, पूर्व विधायक ने अपना पत्र सार्वजनिक किया और टेलीविजन चैनलों को बयान दिया जो पार्टी के आंतरिक मामले पर चर्चा करने के लिए उचित मंच नहीं है। दास ने प्रस्ताव दिया था कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व को मोकिम को पार्टी से निष्कासित कर देना चाहिए। ओपीसीसी मीडिया प्रकोष्ठ के प्रमुख अरबिंद दास ने एक बयान में कहा कि मोकिम का पत्र ‘‘पार्टी में सुधार लाने के इरादे से नहीं, बल्कि संगठन में अशांति पैदा करने के इरादे से लिखा गया था।’’
खरगे की उम्र पर सवाल
पूर्व विधायक ने सोनिया गांधी को पांच पन्नों का पत्र लिखकर ओपीसीसी अध्यक्ष के नेतृत्व पर सवाल उठाए थे और प्रदेश इकाई के कामकाज के बारे में चिंता व्यक्त की थी। मोकिम ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की उम्र को लेकर भी सवाल उठाए थे। मोकिम ने कहा, “सोनिया गांधी को पत्र लिखने और प्रासंगिक मुद्दे उठाने पर मुझे कोई पछतावा नहीं है। उन्होंने मुझे पार्टी से निष्कासित कर दिया है, लेकिन वे मुझे कांग्रेस की विचारधारा से अलग नहीं कर सकते, जिसका मैं अक्षरशः पालन करता हूं।”
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।