देश

Akhilesh Yadav: अब अखिलेश यादव को प्रधानमंत्री बनाने की उठी मांग, मौका था नेताजी की जयंती

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 22, 2023, 11:35 PM IST

सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती के मौके पर इटावा के सैफई में आयोजित कार्यक्रम में मंच से पार्टी के पदाधिकारियों ने आगामी लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव को प्रधानमंत्री बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से कमर कसने को कहा है।

Image

सपा प्रमुख अखिलेश यादव

सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरण मय नंदा ने कहा कि मुलायम सिंह सिर्फ यूपी के नहीं, पूरे हिंदुस्तान के नेता थे। उनकी लोकप्रियता साउथ में भी थी। वह किसी कारण से देश के पीएम नहीं बन पाए। हालांकि, खुद ज्योति बसु चाहते थे कि नेताजी प्रधानमंत्री बनें। अब 2024 के लोकसभा चुनाव में अवसर आया है। यहां सबसे ज्यादा सीटें समाजवादी पार्टी को जिताएं और अखिलेश यादव को प्रधानमंत्री बनाया जायेगा।

सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि नेताजी हमारे बड़े भाई के साथ-साथ गुरु भी थे। उन्होंने पढ़ाया भी था। पिता जैसा स्नेह मिला। हम सबको सरलता और गरीबों-किसानों और गांव को कभी न छोड़ने की सीख दी। उन्होंने कभी निराश न होने की सीख दी। नेताजी ने अन्याय के खिलाफ लड़ना सिखाया। उनके मन में अल्पसंख्यक, गरीबों-किसानों के लिए हमेशा पीड़ा रहती थी। हम सब जितने भी लोग बैठे हैं, सभी देश की कुर्सी पर पहुंचना चाहते थे। नेताजी चाहते तो वहां तक पहुंच जाते, लेकिन उनमें त्याग था। जब-जब सत्ता में नेताजी आए तब स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क के लिए काम किया। नेताजी और अखिलेश यादव की जब सरकार बनी, तो काम हुए।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि तमाम लोगों से विचार विमर्श और दुनिया भर के समाज सुधारकों के स्मारकों के बारे में जानने के बाद तय किया कि अमेरिका के राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन के स्मारक की तर्ज पर सैफई में नेताजी की याद में भव्य स्मारक बनाया जाएगा। नेताजी जिस मिट्टी में पैदा हुए, पले-बढ़े और ऊंचाईयों तक पहुंचे, उसी मिट्टी पर नेताजी का ऐतिहासिक स्मारक बन रहा है।

उन्होंने कहा कि नेताजी का स्मारक बनने के बाद यह स्थान आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्थान बनेगा। यह प्रकाश स्तम्भ की तरह काम करेगा। नेताजी ने अपने जीवन में ऐसे-ऐसे फैसले लिए जिसने देश की राजनीति को मोड़ने का काम किया है। देश के सामने जब भी संकट आया, नेताजी और समाजवादियों ने आगे बढ़कर देश को बचाने का काम किया है।

सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि आज समाजवादियों के लिए बहुत बड़ा दिन है। अखिलेश यादव ने शुभमुहूर्त में नेताजी की याद में मेमोरियल का शिलान्यास किया। यह विश्वविख्यात और प्रेरणादायक होगा। यह स्मारक अनन्त काल तक अन्याय के खिलाफ लड़ने वालों और लाखों समाजवादियों को प्रेरणा देने का काम करेेगा।

पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह ने कहा कि नेताजी अपने-पराए सबका दिल जीतना जानते थे। वे सम्मान देना और दिलाना भी जानते थे। पैसा कभी चुनाव नहीं जिताता है, संगठन के बूते लड़ा जाता है। उनके बताए रास्ते पर चलना बड़ी श्रद्धांजलि होगी। जब नेताजी का स्मारक बनकर तैयार होगा तो बहुत भव्य होगा।

मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने कहा कि नेताजी के विचार हमेशा हमारे और आने वाली पीढ़ियों के साथ रहेंगे। नेताजी के व्यक्तित्व के बारे में जितनी बात की जाए कम है। उनके लिए सबसे प्रिय समाजवादी पार्टी और समाजवादी परिवार था। नेताजी स्वयं में एक क्रांति थे। ऐसी क्रांतियां हम सबके जेहन में जीवित रहेगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article