देश

संसद में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने पर PM बोले-हमने अपना वादा पूरा किया

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 22, 2023, 12:22 PM IST

Women Reservation Bill : पीएम मोदी ने कहा कि लोगों ने पूर्ण बहुमत के साथ एक स्थिर, मजबूत सरकार चुनी जिसके कारण महिलाओं के आरक्षण के लिए कानून बनाना संभव हुआ। जिन लोगों ने पहले संसद में महिला आरक्षण विधेयक की प्रति फाड़ दी थी, उन्होंने भी नारी शक्ति मजबूत होने के कारण इसका समर्थन किया।

Women Reservation Bill : संसद के दोनों सदनों लोकसभा एवं राज्यसभा में महिला आरक्षण विधेयक के पारित हो जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मुख्यालय पहुंचे। यहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 'उन्होंने अपना वादा' पूरा कर दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम कोई सामान्य कानून नहीं है। यह लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता पर न्यू इंडिया की एक घोषणा है। महिलाओं के नेतृत्व में विकास की मोदी गारंटी का यह प्रमाण है।'

हमने इतिहास बनाया-पीएम मोदी

पीएम ने आगे कहा कि 20 सितंबर और 21 सितंबर को नया इतिहास बना, हमारा सौभाग्य है कि लोगों ने हमें ऐसा करने का मौका दिया। पीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, समृद्धि के लिए योजनाएं बनाकर उन्हें बंधनों से मुक्त करने का हरसंभव प्रयास किया। महिला आरक्षण विधेयक साबित करता है कि देश को आगे ले जाने के लिए बहुमत के साथ एक मजबूत, निर्णायक सरकार की आवश्यकता होती है।

'विरोध करने वालों ने आज इसका समर्थन किया'

उन्होंने कहा कि लोगों ने पूर्ण बहुमत के साथ एक स्थिर, मजबूत सरकार चुनी जिसके कारण महिलाओं के आरक्षण के लिए कानून बनाना संभव हुआ। जिन लोगों ने पहले संसद में महिला आरक्षण विधेयक की प्रति फाड़ दी थी, उन्होंने भी नारी शक्ति मजबूत होने के कारण इसका समर्थन किया। संसद से इस विधेयक के पारित हो जाने के बाद इस पर राष्ट्रपति के हस्ताक्षर होंगे जिसके बाद यह कानून बन जाएगा। लोकसभा एवं राज्यों की विधानसभा में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण सुनिश्चित करने वाला यह कानून साल 2024 के बाद होने वाली जनगणना एवं परिसीमन के बाद ही लागू हो पाएगा। बता दें कि राज्यसभा एवं राज्यों की विधान परिषदों में यह कानून लागू नहीं होगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article