Covid new sub variant
जेएन.1 से अभी घबराने की जरूरत नहीं-डॉक्टर स्वामीनाथन
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) की पूर्व महानिदेशक डॉक्टर स्वामीनाथन ने समाचार एजेंसी एएनआई से खास बातचीत में कहा कि हमें सावधान रहने लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि जेएन.1 कितना गंभीर है, खतरनाक या जानलेवा है, यह बताने के लिए अभी हमारे पास कोई डाटा नहीं है।
एहतियाती उपाय का पालन करें, मास्क पहनें
उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि अभी हम जो कर सकते हैं वह यह है कि हम सामान्य रूप से एहितयाती उपायों का पालन करें..जैसा कि हम सभी इससे परिचित हैं। हमें ओमिक्रान के बारे में पता है। यह वायरस उसी परिवार का है। इसलिए ज्यादा नहीं बदला है लेकिन एक अथवा दो नए वायरसों में बदलाव देखने को मिला है। इसीलिए मुझे लगता है कि डब्ल्यूएचओ ने इस पर नजर रखने की बात कही है। यह अभी वैरिएंट ऑफ इंटेरेस्ट है, चिंता का विषय नहीं है।'
तंग परिवेश, संक्रमित लोगों से दूरी बनाएं
पूर्व अधिकारी ने लोगों से संक्रमण से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि लोगों को तंग परिवेश से दूर रहना और मास्क पहनना चाहिए। यदि आप संक्रमित व्यक्तियों के आस-पास हैं तो आपको मास्क जरूर पहनना चाहिए। खुले में रहने की कोशिश करें। यह इसलिए और भी जरूरी हो जाता है क्योंकि यह छुट्टियों का समय है और लोग सार्वजनिक जगहों पर अधिक संख्या में जुटेंगे। यदि आपको ज्यादा थकान, बार-बार बुखार या आपको सांस लेने में कठिनाई का अनुभव हो रहा है तो आपको अस्पताल जाना चाहिए।
