देश

'ED की रेड से हम डरेंगे नहीं, देश हित में आवाज उठाते रहेंगे', भारद्वाज के घर ED के छापे पर बोले केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि AAP पार्टी को जिस तरह से निशाना बनाया जा रहा है, वैसा इतिहास में किसी भी दल के साथ नहीं हुआ है।' AAP संयोजक ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों एवं भ्रष्टाचार का विरोध हमारी पार्टी खुलकर करती है, इसलिए उसे निशाना बनाया जा रहा है।

Image

AAP के संयोजक हैं अरविंद केजरीवाल। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Arvind Kejriwal : अपने नेता सौरभ भारद्वाज के घर पर पड़े प्रवर्तन निदेशालय (ED) के छापे पर आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है। केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि 'भारद्वाज के घर पर ED का रेड मोदी सरकार द्वारा एजेंसियों के गलत इस्तेमाल का एक और उदाहरण है। AAP पार्टी को जिस तरह से निशाना बनाया जा रहा है, वैसा इतिहास में किसी भी दल के साथ नहीं हुआ है।' AAP संयोजक ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों एवं भ्रष्टाचार का विरोध हमारी पार्टी खुलकर करती है, इसलिए उसे निशाना बनाया जा रहा है।

केजरीवाल ने कहा कि इन छापों से AAP डरेगी नहीं। गलत नीतियों एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ देश हित में हम अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

हम डरेंगे नहीं, AAP कट्टर ईमानदार-आतिशी

भारद्वाज के यहां छापे पर दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता एवं राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि 'ये छापे 100 प्रतिशत फर्जी हैं क्योंकि जिस समय का यह मामला है, उस समय भारद्वाज मंत्री नहीं थे। वह दो साल बाद मंत्री बनाए गए। यह हास्यास्पद है। रेड का यह मामला पीएम मोदी के फर्जी डिग्री मामले से ध्यान भटकाने के लिए है। यह AAP को धमकाने-डराने की कोशिश है। हमारी पार्टी ने एक रुपए का भ्रष्टाचार नहीं किया है..चाहे जितने भी रेड मारिए हम डरेंगे नहीं क्योंकि AAP कट्टर ईमानदार पार्टी है।'

ध्यान भटकाने के लिए मारे गए छापे-सिसोदिया

दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम एवं शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि 'कल पूरे देश ने मोदी जी की डिग्री पर सवाल उठाया, जब डिग्री का सच सामने आया तो ध्यान भटकाने के लिए आज सौरभ भारद्वाज पर ED की रेड कराई जा रही है। सवाल साफ था कि क्या मोदी जी की डिग्री फर्जी है? लेकिन उस सवाल का जवाब देने की हिम्मत नहीं पड़ी, इसलिए आम आदमी पार्टी के नेताओं पर रेड डाल दी गई। जिस दौर का ये केस बताया जा रहा है, उस समय सौरभ मंत्री थे ही नहीं। इसका सीधा मतलब है कि जैसे इनकी डिग्री फर्जी है वैसे ही केस भी फर्जी हैं।'

'सत्येंद्र जैन के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला'

X पर अपने ट्वीट में सिसोदिया ने कहा कि 'याद कीजिए सत्येंद्र जैन को। तीन साल जेल में रखा गया, CBI और ED ने दिन-रात खंगाला, लेकिन कोई सबूत नहीं मिला। सच्चाई ये है कि ये सारे केस फर्जी हैं। असली लड़ाई सच्चाई की नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी की ईमानदारी को दबाने की है।'

करीब 12 स्थानों पर छापे

ईडी ने धन शोधन मामले की जांच के तहत AAP के नेता भारद्वाज और अन्य से जुड़े परिसरों पर मंगलवार को छापे मारे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि संघीय जांच एजेंसी धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत राष्ट्रीय राजधानी में लगभग 12 स्थानों पर छापेमारी कर रही है। दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भारद्वाज (45) के खिलाफ जांच पिछली ‘आप’ सरकार द्वारा स्वास्थ्य अवसंरचना परियोजनाओं में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के एक मामले से जुड़ी मानी जा रही है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article