देश

Odisha Train Accident: ओडिशा ट्रेन हादसे के पीड़ितों से मिलकर बोले PM मोदी- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jun 3, 2023, 09:05 PM IST

Odisha Train Accident: मोदी ने ओडिशा के बालासोर जिले के बाहानगा में देश की सबसे भीषण ट्रेन दुर्घटनाओं में से एक के घटनास्थल का निरीक्षण करने और पीड़ितों से अस्पताल में मुलाकात के बाद मीडिया से बात की।

Image

ओडिशा ट्रेन हादसे के पीड़ितों से मिले पीएम मोदी

Odisha Train Accident: पीएम मोदी ओडिशा ट्रेन हादसे के शिकार लोगों से मिलने के लिए शनिवार को बालासोर पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात की, घटनास्थल का दौरा किया और राहत कार्यों की समीक्षा की। पीएम मोदी ने शनिवार को कहा कि ओडिशा के बालासोर जिले में तीन ट्रेनों की दुर्घटना, एक दर्दनाक घटना है और सरकार घायलों के इलाज के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि घटना में दोषी पाए जाने वालों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।

ओडिशा ट्रेन हादसे पर क्या बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने शनिवार को ओडिशा ट्रेन हादसे पर कहा-"यह एक दर्दनाक घटना है। घायलों के इलाज में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। यह एक गंभीर घटना है, और हर कोण से जांच के निर्देश जारी किए गए हैं। दोषी पाए जाने वालों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। रेलवे ट्रैक बहाली की दिशा में काम कर रहा है। मैंने घायल पीड़ितों से मुलाकात की।"

होगी सख्त कार्रवाई

मोदी ने ओडिशा के बालासोर जिले के बाहानगा में देश की सबसे भीषण ट्रेन दुर्घटनाओं में से एक के घटनास्थल का निरीक्षण करने और पीड़ितों से अस्पताल में मुलाकात के बाद मीडिया से बात की। मोदी ने कहा- "रेल हादसे के लिए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।"

हरसंभव मदद की वादा

प्रधानमंत्री के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी थे। आपदा प्रबंधन टीम के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के साथ ही दोनों केंद्रीय मंत्रियों को स्थिति के बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने घटनास्थल से कैबिनेट सचिव और स्वास्थ्य मंत्री से बात की। अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनसे यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि घायलों और उनके परिवारों को हरसंभव मदद मुहैया कराई जाए। मोदी ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि शोक संतप्त परिवारों को किसी तरह की असुविधा ना हो और प्रभावितों को आवश्यक सहायता मिलती रहे।

उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता

प्रधानमंत्री ने ओडिशा की राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री प्रमिला मलिक के साथ-साथ स्थानीय पुलिस प्रमुख से भी बातचीत की। मोदी ने दुर्घटना के बाद इस मार्ग पर ट्रेन सेवाओं को बहाल करने के लिये किये जा रहे कार्यों की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली। बाहानगा बाजार में दुर्घटनास्थल पर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री ने ट्रेन हादसे पर नयी दिल्ली में एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की थी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article