देश

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद BJD के छह विधायकों पर गिरी गाज; पार्टी ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित

Rajya Sabha Polls Cross-Voting: राज्यसभा चुनाव में कथित क्रॉस वोटिंग को लेकर बीजद ने अपने छह विधायकों को पार्टी से निलंबित कर दिया। इन विधायकों पर भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय के पक्ष में मतदान करने का आरोप है।

Image

ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक (फोटो साभार: @Naveen_Odisha)

Photo : Twitter

Rajya Sabha Polls Cross-Voting: राज्यसभा चुनाव में कथित क्रॉस वोटिंग को लेकर बीजू जनता दल (BJD) ने अपने छह विधायकों को पार्टी से निलंबित कर दिया। इन विधायकों पर भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय के पक्ष में मतदान करने का आरोप है। पार्टी ने पहले इन विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। हालांकि, बाद में पार्टी से ही निलंबित कर दिया।

किस-किस पर गिरी गाज?

बीजद ने चक्रमणि कन्हार (बालीगुडा), नबा किशोर मलिक (जयदेव), सौविक विश्वाल (चौद्वार-कटक), सुबासिनी जेना (बस्ता), रमाकांत भोई (तिरतोल) और देवी रंजन त्रिपाठी (बांकी) को पार्टी से निलंबित कर दिया।

निलंबन का यह फैसला विपक्षी पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता नवीन पटनायक ने की थी।इन छह विधायकों को 17 मार्च को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। विधानसभा में बीजद की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार शाम को अपने जवाब प्रस्तुत किए और वे संतोषजनक नहीं पाए गए।

मुख्य सचेतक ने जारी किया था कारण बताओ नोटिस

इससे पहले, बीजद की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक ने मलिक ने चक्रमणि कन्हार (बालीगुडा), नबा किशोर मलिक (जयदेव), सौविक विश्वाल (चौद्वार-कटक), सुबासिनी जेना (बस्ता), रमाकांत भोई (तिरतोल) और देवी रंजन त्रिपाठी (बांकी) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

राज्यसभा चुनाव रिजल्ट

पिछले सोमवार को हुए द्विवार्षिक चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा ने राज्यसभा की चार सीट में से दो पर जीत हासिल की थी, जबकि विपक्षी दल बीजद और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार ने एक-एक सीट हासिल की थी।

ओडिशा की 147 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या 79 है और उसे तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त है। भाजपा के उम्मीदवारों को 93 प्रथम वरीयता वोट मिले, जो विधानसभा में उनकी संख्या से 11 अधिक थे। एक अधिकारी ने बताया था कि इन 11 मतों में से बीजद के आठ विधायकों के और कांग्रेस के तीन विधायकों के थे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article