जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बर्फबारी ने जनजीवन पर पूरी तरह से ब्रेक लगा दिया है। फ्लाइट कैंसिल पर कैंसिल हो रही है, सड़कें बर्फ की चादर ओढ़े बंद पड़ी हैं और ऐसे कठिन वक्त में उत्तर रेलवे ने पटरी पर राहत की ट्रेन दौड़ा दी है। माता वैष्णो देवी और कश्मीर के बीच रेल संपर्क को मज़बूत करते हुए उत्तर रेलवे ने विशेष एसी ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और भरोसेमंद सफर मिल सके।
कब और कौन-सी ट्रेन?
27 जनवरी 2026
- ट्रेन संख्या 04627/04628
- श्रीनगर – श्री माता वैष्णो देवी कटरा – श्रीनगर
- यह ट्रेन बनिहाल होते हुए कटरा पहुंचेगी और वापसी में भी यही मार्ग अपनाएगी।
28 जनवरी 2026
- ट्रेन संख्या 04629/04630
- कटरा – श्रीनगर – कटरा
- यह सेवा भी विशेष रूप से यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जाएगी।
यात्रियों के लिए एसी कोच की व्यवस्था
इन सभी विशेष ट्रेनों में एसी कोच की व्यवस्था की गई है, ताकि कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बीच यात्रियों को सुरक्षित और सुकूनभरा सफर मिल सके। बर्फबारी के कारण रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। ट्रेन की पटरियों तथा हवाईअड्डे के रनवे पर पर भी बर्फ जमी रहने के कारण बनिहाल तथा बडगाम के बीच कुछ ट्रेनें रद्द कर दी गईं।
कश्मीर में बर्फबारी से तबाही
अधिकारियों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से घाटी के अधिकांश हिस्सों में रात भर बर्फबारी हुई। वहीं, श्रीनगर सहित मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम जबकि सोनमर्ग, गुलमर्ग और पहलगाम जैसे ऊंचे इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि बर्फबारी के कारण सोनमर्ग, गुलमर्ग और पहलगाम के पर्यटक स्थल बर्फ की मोटी चादर से ढक गए हैं। उन्होंने बताया कि मध्य, उत्तर और दक्षिण कश्मीर के जिलों में बर्फबारी दर्ज की गई है। बर्फबारी के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात बाधित हुआ। काजीगुंड और बनिहाल के बीच बर्फ जमा होने की वजह से श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। उन्होंने बताया कि बर्फ हटाने का काम जारी है और इस दौरान राजमार्ग पर किसी भी प्रकार के यातायात की अनुमति नहीं दी जा रही है।
