देश

Heatwave Update: उत्तर भारत में गर्मी से हाहाकार, आसमान से बरस रही आग, 24 मई तक राहत के आसार नहीं

Heatwave Update: कुछ शहरों में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। जानिए अपडेट...

Image

उत्तर भारत में गर्मी से हाहाकार (AI Image)

North India Heatwave: उत्तर भारत में गर्मी से हाहाकार मचा हुआ है और आसमान से आग बरस रही है। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। मौसम विभाग ने कई राज्यों मे लू का अलर्ट जारी किया है। 24 मई तक इससे राहत मिलने के आसार नहीं है।

तापमान 46 डिग्री तक पहुंचा

कुछ शहरों में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। यूपी के बांदा में कल तापमान 47.6 डिग्री तक पहुंच गया। एमपी के खजुराहो में 46.5 और महाराष्ट्र के वर्धा में तापमान 46.5 और अमरावती में 46.4 डिग्री पहुंच गया है। इसके अलावा राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में तापमान 46.2 डिग्री पहुंच गया। कुल मिलाकर इस कदर गर्मी पड़ रही है कि घरों से निकलना भी दूभर हो गया है।

मौसम विज्ञान विभाग ने लू की चेतावनी जारी की

मौसम विज्ञान विभाग ने लू की विशेष चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि सोमवार से 24 मई तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है, जबकि छत्तीसगढ़ में 21 मई तक 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। इसमें आगे कहा गया है, महाराष्ट्र और गुजरात में 18 मई तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है, जिसके बाद 19 से 24 मई के बीच अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक कमी आएगी। विभाग ने यह भी कहा कि देश के बाकी हिस्सों में 24 मई तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में सोमवार से 24 मई के बीच लू चलने की आशंका है। आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मंगलवार से 24 मई के बीच लू से लेकर भीषण लू तक की स्थिति बन सकती है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में सोमवार से 24 मई के बीच अलग-अलग तारीखों पर छिटपुट लू चलने की संभावना है। बिहार और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में सोमवार से 21 मई के बीच अलग-अलग तारीखों पर लू चलने की आशंका है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 20 से 24 मई तक ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है।

पारा 45 डिग्री के करीब पहुंचने के आसार

सोमवार को कई स्थानों पर पारा 45 डिग्री के करीब पहुंचने के साथ ही उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्से में इस सप्ताह लू चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के कुछ इलाकों में सोमवार से 24 मई के बीच लू चलने की संभावना है, जबकि उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मंगलवार से लू से लेकर भीषण लू तक की स्थिति बन सकती है।

दिल्ली का मौसम

दिल्ली के कुछ हिस्सों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे शहर में आने वाले सप्ताह में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है और फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है। तेज हवाओं और भीषण गर्मी के कारण दिन के समय शहर में आवागमन मुश्किल हो गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली के सफदरजंग स्थित बेस स्टेशन पर अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज स्टेशन पर तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक रहा, जबकि लोधी रोड पर सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक यानी 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पिछले दो वर्षों में मई का यह सबसे गर्म दिन था। स्काईमेट वेदर के महेश पलावत ने बताया, उत्तर-पश्चिमी हवाएं राजस्थान के थार रेगिस्तान और मध्य पाकिस्तान के कुछ हिस्सों से राष्ट्रीय राजधानी की ओर बह रही हैं। विशाल शुष्क क्षेत्रों से गुजरते हुए, ये हवाएं दिल्ली पहुंचते-पहुंचते बेहद शुष्क हो जाती हैं, जिससे गर्मी सतह के करीब ही फंस जाती है और पूरे शहर में भीषण गर्मी बढ़ जाती है।

दिल्ली में भीषण गर्मी

दिल्ली में भीषण गर्मी

पलावत ने आगे कहा कि दिन में भीषण गर्मी के कारण पिछले कुछ दिनों से रात का तापमान अधिक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अगले 10 दिनों में गरज के साथ बारिश या मानसून से पहले की बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे स्थिति और बिगड़ रही है। मंगलवार के लिए, आईएमडी ने शहर में लू की स्थिति के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में बिजली की अधिकतम मांग 7542 मेगावाट तक पहुंच गई, जो इस गर्मी में अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है। दिल्ली में बिजली की अब तक की सबसे उच्चतम मांग दो साल पहले 8656 मेगावाट थी। राजस्थान में पिलानी और चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म स्थान रहे, जहां अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान का मौसम

राजस्थान के श्रीगंगानगर में 46.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, इसके बाद बीकानेर में 46 डिग्री, वनस्थली में 45.6 डिग्री, फतेहपुर में 45.5 डिग्री, कोटा में 45.3 डिग्री और बाड़मेर और चूरू में 45.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। सोमवार को राज्य के लगभग सभी शहरों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जयपुर में यह 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य भर में पूरे सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों और दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में छिटपुट स्थानों पर लू चलने की आशंका है। विभाग ने अगले 4-5 दिनों के दौरान राज्य के पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज धूल भरी हवाएं चलने का पूर्वानुमान भी लगाया है।

पंजाब का मौसम

पंजाब के भटिंडा में दिन के दौरान तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जहां भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ी। वहीं हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। पंजाब और हरियाणा में सोमवार को अधिकतम तापमान में और वृद्धि हुई, जिससे जारी लू की तीव्रता बढ़ गई। बठिंडा में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, फरीदकोट में 46.4 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 42 डिग्री, लुधियाना में 42.2 डिग्री और पटियाला में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

हरियाणा में, रोहतक, नारनौल और हिसार में क्रमशः 45.2 डिग्री, 44.3 डिग्री और 44.4 डिग्री सेल्सियस का अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा।

हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश में, प्रमुख पर्यटन स्थलों पर तापमान में वृद्धि देखी गई। धर्मशाला में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस, उसके बाद मनाली में 28.4 डिग्री, शिमला में 28.2 डिग्री और कुफरी में 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, शिमला मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य में 19 से 24 मई तक अगले छह दिनों के लिए बारिश की भविष्यवाणी की है।

इसके अलावा, विभाग ने 21 मई को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में तथा 22 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटा की गति) के साथ गरज-चमक की पीली चेतावनी जारी की है। रविवार शाम से पिछले 24 घंटों में राज्य में शुष्क मौसम बना रहा। रात में कुकुमसेरी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन में ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article