Imran Khan Death Rumours: पाकिस्तान की आदियाला जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटे ने शहबाज शरीफ सरकार से अपने पिता के जीवित होने के सबूत मांगे हैं। पूर्व पीएम के बेटे कासिम ने कहा कि हम इमरान खान के जीवित होने का सबूत मांगते हैं। उनके इस पोस्ट के बाद पाकिस्तान में सियासी भूचाल आ गया। इस बीच, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि दूसरे देश के आंतरिक मामलों में टिप्पणी करना ठीक नहीं है, लेकिन अभी तक किसी ने उनके (इमरान खान) जिंदा होने के सबूत नहीं दिए हैं।
शशि थरूर ने क्या कुछ कहा
शशि थरूर ने कहा कि पाकिस्तान सरकार और अधिकारियों ने इस मामले में कुछ नहीं कहा है। यह चुप्पी बुरी है। आपने उनके बेटे (कासिम खान) का मैसेज देखा जिसमें कहा गया था कि वह अपने पिता के जिंदा होने का सबूत चाहता है, लेकिन अभी तक किसी ने कोई सबूत नहीं दिया है।
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, ''मुझे लगता है कि दूसरे देश के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करना उचित नहीं है, लेकिन इस मामले पर इतनी चुप्पी होना निश्चित तौर पर चिंता का विषय है। कई लोग दावा कर रहे हैं कि इससे भी बुरा हुआ है, लेकिन पाकिस्तान सरकार और अधिकारियों ने कुछ नहीं कहा। यह चुप्पी बुरी है।''
'हमारी विदेश नीति का मामला नहीं'
कांग्रेस सांसद ने कहा कि आपने उनके बेटे का मैसेज देखा होगा, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें अपने पिता के जीवित होने का सबूत चाहिए। लगता है अभी तक किसी ने यह प्रमाण नहीं दिया कि उनका पिता जीवित है। उन्होंने कहा कि यह चिंता की बात है और मैं केवल एक साधारण भारतीय नागरिक के रूप में बोल रहा हूं, यह हमारी विदेश नीति का मामला नहीं है।
शशि थरूर ने कहा कि यह पाकिस्तान का आंतरिक मामला है, लेकिन एक इंसान की जान दांव पर है। क्रिकेटप्रेमी और कुछ अन्य लोग जानना चाहते हैं कि उस आदमी के साथ क्या हुआ? आप किसी को जेल में डालकर गायब नहीं कर सकते। इसलिए अगर कुछ हो गया है तो अधिकारियों को इस पर सफाई देनी चाहिए।
